बाढ की कवरेज करने वाला पाकिस्तानी पत्रकार गिरफ्तार
इस्लामाबाद, एजेंसी।
पाकिस्तान में आई भारी बाढ़ से जन जीवन पूरी तरह अस्त- व्यस्त हो गया। इस बीच, पाकिस्तान के एक पत्रकार को गिरफ्तार कर लिया गया है। पाकिस्तान के सिंध प्रांत में बाढ़ में फंसे पाकिस्तानी हिंदुओं की दुर्दशा पर रिपोर्टिंग करने के आरोप में पुलिस ने पत्रकार को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी समाचार एजेंसी एएनआई ने दी।
पाकिस्तान पुलिस ने बुधवार को पत्रकार नसरल्लाह गद्दानी को गिरफ्तार कर लिया। सिंध के मीरपुर मथेलो में भागरी समुदाय से संबंधित पाकिस्तानी हिंदुओं की स्टोरी को कवर करने के लिए 5 दिन के रिमांड पर ले लिया गया। पत्रकार ने बताया कि स्थानीय प्रशासन ने भागरी समुदाय के लोगों को हिंदू होने के कारण बाढ़ राहत शिविर से निकाल दिया था। कवरेज का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया है।
वीडियो में बाढ़ पीड़ितों को विनाशकारी प्राकृतिक आपदा के बीच पानी, भोजन और आश्रय सहित बुनियादी संसाधनों से वंचित होने के बाद देश में अपनी खराब स्थिति के बारे में रोते हुए देखा जा सकता है। पाकिस्तान की इस बाढ़ ने 33 मिलियन से अधिक लोगों को प्रभावित किया है।
वीडियो में हिंदू भागरी समुदाय के लोग अपनी भयावह स्थिति और स्थानीय प्रशासन के प्रति अपने व्यवहार को बताते हुए नजर आ रहे हैं। हिंदुओं ने कहा कि स्थानीय प्रशासन ने उन्हें यह कहते हुए बाढ़ राहत शिविरों से निकाल दिया था कि वे बाढ़ पीड़ित नहीं हैं।