महराजगंज : भारत-नेपाल बोर्डर पर लगेंगे 5962 स्थानों पर सीमा स्तंभ
महराजगंज 4 जनवरी 24
‘भारत-नेपाल बॉर्डर पर क्षतिग्रस्त पुराने पिलर के चलते सीमा सुरक्षा को लेकर उठ रहे सवालों को देखते हुए महराजगंज प्रशासन ने जिले की 84 किलोमीटर की खुली सीमा पर नये सिरे पिलर लगाने की कवायद शुरू कर दी है। एसएसबी, राजस्व विभाग और पुलिस की टीम द्वारा किये गए संयुक्त सर्वे के बाद चिन्हित 5962 स्थानों पर सीमा स्तंभ लगाए जाएंगे। इन सीमा स्तंभ को लेकर ग्रामीण अभियंत्रण विभाग ने करीब 66 लाख रुपये का टेंडर निकाला है। छह महीने के अंदर संयुक्त टीम की मौजूदगी में ये पिलर लगाए जाने की योजना है। भारत-नेपाल सीमा सुरक्षा को लेकर दोनों देशों की तरफ की एजेंसियों की तरफ से सीमा स्तंभ को लेकर सवाल उठते रहे हैं। नेपाल सरकार की तरफ से भी बॉर्डर पर टूटे सीमा स्तंभ को लेकर आपत्ति दर्ज कराई जा चुकी है। जिसे देखते हुए डीएम महराजगंज के निर्देश पर राजस्व, एसएसबी और पुलिस की संयुक्त टीमें ने आठ महीने पहले बॉर्डर एरिया का सर्वे किया था। महराजगंज में भारत-नेपाल की खुली सीमा करीब 84 किलोमीटर लंबाई में है। प्रशासन के जिम्मेदारों के मुताबिक, सीमा स्तंभ 100 से 150 मीटर दूरी पर लगाए जाने हैं। सीमा स्तंभ बनवाने का जिम्मा ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को सौंपा गया है। एक स्तंभ पर 9 से 10 हजार रुपये का खर्च आने का अनुमान है।
नेपाल के गृहमंत्री ने उठाया था सीमा स्तंभ का मामला
वर्ष 2019 में नेपाल के तत्कालीन गृहमंत्री राम बहादुर थापा ने भारत-नेपाल सीमा के सीमा स्तंभों को लेकर कांठमांडू से रिपोर्ट जारी की थी। जिसमें कहा गया था कि भारत-नेपाल सीमा की कुल लंबाई 1880 किलोमीटर है। जिसमें लगाए गए कुल सीमा स्तंभों में सिर्फ 457 स्तंभ पूरी तरह सुरक्षित हैं। 1556 सीमा स्तंभ अधिक क्षतिग्रस्त हैं। इसके अलावा 2716 गायब हैं। इसमें महराजगंज सीमा से सटे 44 सीमा स्तंभ भी शामिल हैं। इस रिपोर्ट के बाद से ही सीमा स्तंभ को लेकर दोनों देशों के अधिकारियों की बैठक में चर्चा होती रही है।

