Thu. Jul 2nd, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

पाकिस्तान स्थित प्रह्लाद मंदिर, जो अब खंडहर में हो चुका है तबदील

 

काठमान्डु 25मार्च

दुनिया के कई देशों में मौजूद हिन्दू धर्मावलम्बी 25 मार्च को होली का जश्‍न मनाएंगे. होली पर रंगों की बौछार होगी तो लोग एक दूसरे को गुलाल और अबीर लगाते हैं. सनातन धर्म में हर त्‍योहार के पीछे एक पौराणिक कथा होती है. इसी तरह होली को लेकर भी एक कथा सुनी-सुनाई जाती है. इसे धर्म की अधर्म पर जीत के तौर पर मनाया जाता है.
कथा के अनुसार, प्रह्लाद के पिता हिरण्‍यकश्‍यप भगवान विष्‍णु को अपना शत्रु मानते थे. उनकी बहन होलिका को आग में ना जलने का वरदान था. उन्‍होंने अपनी बहन को विष्‍णु भक्‍त प्रह्लाद को गोद में लेकर अग्नि में बैठने का आदेश दिया. जब होलिका प्रह्लाद को लेकर अग्नि में बैठीं तो वह खुद जल गईं और भक्‍त प्रह्लाद बच गए. बाद में जब प्रह्लाद को लेाहे के गर्म खंभे से बंधवाया तो भगवान विष्‍णु ने नरसिंह अवतार लेकर हिरण्‍यकश्‍यप का वध कर दिया. लेकिन, क्‍या आप जानते हैं कि ये सब पाकिस्‍तान में हुआ था. क्‍या आप जानते हैं कि वो जगह पाकिस्‍तान में कहां है?
भक्‍त प्रह्लाद ने पिता के वध के बाद जिस जगह पर होलिका दहन हुआ था उसी जगह पर नरसिंह अवतार के सम्‍मान में मंदिर बनाया था. उन्‍होंने हजारों साल पहले जिस जगह मंदिर बनवाया था, वो जगह आज पाकिस्तान में पंजाब प्रांत के मुल्तान शहर में है. इस मंदिर का नाम प्रह्लादपुरी मंदिर है. एक समय तक ये मंदिर ऐतिहासिक स्मारक होता था. मंदिर के बारे में कहा जाता है कि यहीं पर प्रह्लाद की बुआ होलिका आग में भस्म हो गई थीं. आज मंदिर की जगह कूड़ा डालने के डंपिंग यार्ड में तब्‍दील हो गई है.
मान्‍यता है कि जहां आज प्रह्लादपुरी मंदिर है, वहीं पर हिरण्यकश्यप ने प्रहलाद को खंभे से भी बांधा था. यही पर भगवान नरसिंह ने खंभे से प्रकट होकर हिरण्‍यकश्‍यप का भी वध किया था.  मुल्‍तान की एक हिंदू कार्यकर्ता शकुंतला देवी का कहना है कि प्रह्लादपुरी मंदिर हजारों साल पुराना है. इस मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए 1861 में लोगों ने चंदा भी इकट्ठा किया था.
भारत के बंटवारे के समय प्रह्लादपुरी मंदिर पाकिस्तान के हिस्से में चला गया. इसके बाद भी होली पर यहां भक्तों की भारी भीड़ जुटती थी. यहां पर 2 दिन तक होलिका दहन किया जाता था. इसके बाद 9 दिन तक होली मेला और रंगोत्‍सव मनाया जाता था. फिर 1992 में अयोध्‍या में विवादित ढांचा ढहाए जाने के बाद मुल्‍तान में कुछ मुस्लिम कट्टरपंथियों ने प्रह्लादपुरी मंदिर तोड़ दिया. इसके बाद सरकार ने भी देखभाल नहीं की. कुछ साल पहले पाकिस्तान की एक अदालत ने मंदिर की मरम्‍मत का आदेश दिया था. हालांकि, अब तक इसे ठीक नहीं किया गया है.

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *