“शारदीय नवरात्रि का पहला दिन आज, माँ शैलपुत्री की पूजा
काठमांडू, आश्विन २५ – आज (रविवार) शारदीय नवरात्रि की शुरुआत हो रही है । पूरे साल भक्तजन माँ भगवती यानी शारदीय नवरात्रि की प्रतीक्षा करते हैं । शक्ति स्वरुपा सुमंगल करणी माँ जगदंबा का आगमन इसबार हाथी पर हो रहा है । धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, हाथी पर सवार होकर माँ का आगमन सुख, शांति, धन–धान्य और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है । हर बार माँ भगवती का आगमन अलग–अलग सवारियों पर होता है। इस बार माँ भगवती हाथी पर सवार होकर आ रही हैं ।
शारदीय नवरात्रि का त्योहार माँ दुर्गा के भक्तों के लिए विशेष महत्व रखता है। इन नौ दिनों में माँ के नौ स्वरूपों की पूजा–अर्चना की जाती है। इस दौरान अनेक भक्त व्रत रखते हैं और घरों में कलश स्थापना कर माँ दुर्गा की आराधना करते हैं।
आज शारदीय नवरात्रि का प्रथम दिन है। आज माँ शैलपुत्री की पूजा–अर्चना की जाती है । नवरात्रि के पहले दिन, प्रतिपदा तिथि को घरों में घटस्थापना की जाती है। इसे कलश स्थापना भी कहते हैं। प्रतिपदा के दिन माँ शैलपुत्री के स्वरूप की पूजा की जाती है। माँ शैलपुत्री देवी दुर्गा के नौ स्वरूपों में प्रथम हैं ।
ऐसी मान्यता है कि नवरात्रि के पहले दिन माँ शैलपुत्री की पूजा करने से चंद्र दोष से मुक्ति मिलती है । मां शैलपुत्री का प्रमुख मंत्र “ ॐ देवी शैलपुत्र्यै नमः’”
कहते हैं इस मंत्र का जाप अति फलदायी होता है । इसका जाप अवश्य करना चाहिए ।
हिमालय की पुत्री के रूप में जन्म लेने के कारण देवी का नाम शैलपुत्री पड़ा। उनके दाहिने हाथ में त्रिशूल और बाएँ हाथ में कमल है। उन्हें माँ पार्वती का स्वरूप भी माना जाता है।
ऐसी मान्यता है कि माँ शैलपुत्री को सफेद रंग और चमेली के फूल विशेष प्रिय हैं। इसके अलावा, उन्हें लाल रंग के फूल भी अर्पित किए जाते हैं।
माँ शैलपुत्री को गाय के शुद्ध घी से बनी मिठाइयाँ और दूध से बने व्यंजन, जैसे खीर, हलवा तथा मावा, का भोग लगाना शुभ माना जाता है।

