एनपीएल: आंद्रे रसेल के ऑलराउंड प्रदर्शन से विराटनगर किंग्स की 2 रन से रोमांचक जीत
आंद्रे रसेल के शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत विराटनगर किंग्स ने नेपाल प्रीमियर लीग (एनपीएल) में जनकपुर बोल्ट्स को 2 रन से हरा दिया। बल्लेबाजी में अर्धशतक जड़ने वाले रसेल ने गेंदबाजी में पारी की आखिरी गेंद पर विकेट लेकर विराटनगर को रोमांचक जीत दिलाई।
विराटनगर की ओर से दिए गए 175 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जनकपुर की टीम 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 172 रन ही बना सकी। रसेल ने मैच में 4 विकेट लिए।
शुरुआती दो मुकाबलों में हार के बाद विराटनगर की यह लगातार दूसरी जीत है। टीम ने चार मैचों में 4 अंक हासिल किए हैं। वहीं, जनकपुर को चार मैचों में दूसरी हार का सामना करना पड़ा है। उसके भी चार मैचों से 4 अंक हैं।
जनकपुर की ओर से बांग्लादेशी खिलाड़ी शैफ हसन ने सर्वाधिक 71 रन बनाए, लेकिन वे टीम को जीत नहीं दिला सके। रसेल ने पारी की आखिरी गेंद पर बासिर अहमद के हाथों उन्हें कैच आउट कराया। हसन ने 48 गेंदों में 2 चौके और 5 छक्के लगाए। विशाल सुशीलिंग ने 43 और जिमी नीशम ने 29 रन बनाए।
जनकपुर ने 30 रन के स्कोर पर ही अपने शुरुआती तीन विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद शैफ हसन और विशाल सुशीलिंग ने चौथे विकेट के लिए 76 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर पारी को संभाला।
इस संस्करण में अपना पहला मैच खेल रहे विशाल ने 30 गेंदों में 2 चौके और 3 छक्कों की मदद से 43 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद जिमी नीशम ने हसन का साथ दिया और आक्रामक बल्लेबाजी की। नीशम ने 15 गेंदों में 3 चौकों की मदद से 29 रन बनाए। पांचवें विकेट के लिए हसन और नीशम ने 56 रन की साझेदारी की।
हालांकि, विराटनगर के रुपेश सिंह ने 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर नीशम को आउट कर टीम को मुकाबले में वापस ला दिया। शैफ हसन ने अंत तक टिककर जीत की कोशिश की, लेकिन आखिरी गेंद पर आउट होने के कारण जनकपुर लक्ष्य तक नहीं पहुंच सका।
विराटनगर की ओर से आंद्रे रसेल ने 4 ओवर में 45 रन देकर 4 विकेट लिए। एंजेलो मैथ्यूज ने 2 और रुपेश सिंह ने 1 विकेट हासिल किया।
विराटनगर के तीन बल्लेबाजों के अर्धशतक
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी विराटनगर किंग्स ने 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 174 रन बनाए। टीम की ओर से इमरान शेख ने सर्वाधिक 56, सलामी बल्लेबाज लोकेश बम ने 50 और आंद्रे रसेल ने नाबाद 52 रन बनाए।
एनपीएल के इतिहास में यह पहला मौका है, जब एक ही मैच में दो नेपाली बल्लेबाजों ने अर्धशतक लगाया। इमरान ने 45 गेंदों में 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से 56 रन बनाए। वहीं, लोकेश ने 40 गेंदों में 3 चौके और 3 छक्के लगाकर 50 रन जोड़े।
सलामी बल्लेबाज शेहान जयसूर्या टीम के खाते में केवल 2 रन जुड़ने पर आउट हो गए थे। इसके बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए इमरान शेख और लोकेश बम ने दूसरे विकेट के लिए 107 रन की साझेदारी की। इस सीजन की यह पहली शतकीय साझेदारी रही।
आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए आंद्रे रसेल ने 29 गेंदों में नाबाद 52 रन बनाए। उन्होंने 2 चौके और 5 छक्के लगाए। शुभम रंजाने 7 रन बनाकर नाबाद रहे।
जनकपुर की ओर से अभिषेक तिवारी ने 2 और मोईन अली ने 1 विकेट लिया।

