फिर मुश्किल में ‘ऐ दिल है मुश्किल’,
मुंबई: करण जौहर की आगामी फिल्म ‘ऐ दिल है मुश्किल’ फिर मुश्किल में है. दरअसल थियेटर मालिकों के एक संगठन ने पाकिस्तानी कलाकारों वाली फिल्म को नहीं दिखाये जाने का आग्रह किया है. ‘सिनेमा ओनर एग्जीबीटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया’ के अध्यक्ष नितिन दतार ने बताया कि किसी राजनीतिक दबाव में नहीं, बल्कि लोगों की भावनाओं को ध्यान में रख कर यह किया गया.
पाकिस्तानी कलाकारों पर पाबंदी लगाने की बढ़ती मांग के बीच सीओईएआई ने पाकिस्तानी कलाकार अभिनीत फिल्मों को महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक और गोवा में रिलीज नहीं करने का आज फैसला किया. दतार ने कहा, ‘हम फिल्म उद्योग से जुडे अन्य संगठनों को भी अनुरोध करने की प्रक्रिया में जुटे हुए हैं ताकि हमारे राष्ट्र के सर्वश्रेष्ठ हित में भावनाओं का समर्थन किया जा सके.’
दतार ने आगे कहा, ‘आज सिनेमा ऑनर एग्जिबीटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया की बैठक हुई और इसने फैसला किया कि देशभक्ति की भावनाओं और देश के हित को ध्यान में रखते हुए हमने सभी सदस्यों और एग्जिबीटर्स से उन फिल्मों की स्क्रीनिंग करने से बचने को कहा है जिनमें पाकिस्तानी, कलाकार, तकनीकविद, निर्देशक, संगीतकार आदि हैं.’
उन्होंने कहा कि कुछ खास फिल्में नहीं दिखाए जाने के फैसले से सिनेमाघर मालिकों को आर्थिक नुकसान होगा पर यदि उनके परदों के साथ कुछ किया जाता है तो इससे कहीं अधिक नुकसान होगा. दतार ने बताया कि एसोसिएशन किसी फिल्म का प्रदर्शन नहीं करने जा रहा और चीजों के सामान्य होने तक आज से फैसला लागू रहेगा. एसोसिएशन के तहत शामिल राज्य गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक और गोवा है.
गौरतलब है कि पिछले महीने हुए उरी हमले के मद्देनजर फवाद, माहिरा खाना और अन्य पाकिस्तानी कलाकारों को महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने निशाना बनाया. उसने उन्हें 48 घंटों के अंदर भारत छोड़ने या जबरन निकाल बाहर किए जाने का अल्टीमेटम दिया.
पार्टी ने ‘ऐ दिल है मुश्किल’ और ‘रईस’ जैसी फिल्मों की रिलीज को रोकने की भी धमकी दी. गौरतलब है कि इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर एसोसिएशन ने एक प्रस्ताव पारित कर दोनों देशों के बीच संबंध सामान्य होने तक पाक कलाकारों पर पाबंदी लगाई है. हालांकि, इसने कहा था कि पाक कलाकार अभिनीत ‘ऐ दिल है मुश्किल’ और ‘रईस’ तथा अन्य फिल्में प्रभावित नहीं होंगी जिसने अपना प्रोडक्शन पूरा कर लिया है.


