सुदूरपश्चिम की घातक गेंदबाजी के आगे जनकपुर पस्त, 27 रन से शानदार जीत के साथ प्लेऑफ में पहुंचा
काठमांडू, 10 नवंबर। नेपाल प्रीमियर लीग (एनपीएल) में सुदूरपश्चिम रॉयल्स ने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए जनकपुर बोल्ट्स को 27 रन से पराजित कर प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली। मंगलवार को कीर्तिपुर स्थित त्रिभुवन विश्वविद्यालय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैदान में खेले गए कम स्कोर वाले रोमांचक मुकाबले में सुदूरपश्चिम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 120 रन बनाए। जवाब में जनकपुर की पूरी टीम 19.5 ओवर में 93 रन पर सिमट गई।
इस जीत के साथ सुदूरपश्चिम के छह मैचों में आठ अंक हो गए हैं। टीम ने लगातार तीसरी जीत दर्ज की है। वहीं, समान आठ अंकों के साथ बेहतर रन रेट के आधार पर काठमांडू गोर्खाज अंकतालिका में शीर्ष पर बना हुआ है। दोनों टीमों ने प्लेऑफ में अपना स्थान सुनिश्चित कर लिया है।
कुग्लेन की धारदार गेंदबाजी, जनकपुर की बल्लेबाजी ढही
121 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जनकपुर बोल्ट्स की शुरुआत बेहद खराब रही। सुदूरपश्चिम के तेज गेंदबाज स्कॉट कुग्लेन और हेमंत धामी ने शुरुआती छह ओवरों में कसी हुई गेंदबाजी कर विपक्षी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।
कुग्लेन ने अनिल साह को महज दो रन पर आउट किया, जबकि हेमंत धामी ने आदित्य महता को 10 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन भेज दिया। शुरुआती झटकों से उबरने में नाकाम रही जनकपुर की बल्लेबाजी लगातार दबाव में रही।
जनकपुर की ओर से त्रितराज दास ने सर्वाधिक 21 रन बनाए, जबकि जिमी नीशम ने 20 रन का योगदान दिया। रायन बर्ल ने आठ और राहुल यादव ने 11 रन बनाए। अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में असफल रहे।
सुदूरपश्चिम की ओर से स्कॉट कुग्लेन सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवर में केवल 13 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। दीपेंद्र सिंह ऐरी ने चार ओवर में 15 रन देकर एक विकेट लिया। हेमंत धामी, अनिल खरेल, ईशान पाण्डे और थारिन्दु रत्नायके ने भी एक-एक विकेट चटकाया।
हरमीत सिंह की शानदार गेंदबाजी के बावजूद सुदूरपश्चिम ने बनाया 120 रन
इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी सुदूरपश्चिम रॉयल्स की टीम जनकपुर के गेंदबाजों के सामने संघर्ष करती नजर आई। कप्तान हरमीत सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में केवल 17 रन देकर चार विकेट हासिल किए।
ब्रैंडन मैकमुलेन ने सुदूरपश्चिम की ओर से सर्वाधिक 33 रन बनाए। उन्होंने 23 गेंदों में दो चौके और दो छक्के लगाए। थारिन्दु रत्नायके ने 28 गेंदों में नाबाद 27 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। आरिफ शेख ने 11 और स्कॉट कुग्लेन ने छह रन बनाए।
जनकपुर की ओर से आयरिश ऑलराउंडर हैरी ट्रैक्टर ने भी प्रभावशाली गेंदबाजी की। उन्होंने चार ओवर में मात्र नौ रन देकर एक विकेट लिया। आदित्य महता, अभिषेक तिवारी और राहुल यादव को भी एक-एक सफलता मिली।
जनकपुर पर बाहर होने का खतरा
इस हार के बाद जनकपुर बोल्ट्स की प्लेऑफ में पहुंचने की राह मुश्किल हो गई है। छह मैचों में चार अंक हासिल करने वाली टीम के पास अब केवल एक मुकाबला शेष है। ऐसे में आगे की राह उसके लिए चुनौतीपूर्ण होगी।
गौरतलब है कि एनपीएल के पहले सीजन में जनकपुर बोल्ट्स ने फाइनल में सुदूरपश्चिम रॉयल्स को हराकर खिताब अपने नाम किया था। इस बार सुदूरपश्चिम ने लीग मुकाबले में जीत दर्ज कर पुरानी प्रतिद्वंद्विता में अपनी मजबूत स्थिति दिखाई है।
अब टूर्नामेंट के आगामी मुकाबले प्लेऑफ की तस्वीर और स्पष्ट करेंगे।



