बिहार आज से पूर्णरुप से हुआ 140 दिन बाद अनलॉक

कोरोना वायरस के मामलों पर लगाम लगने के बाद बिहार की नीतीश कुमार सरकार धीरे-धीरे लोगों को सहूलियत दे रही है। इसी कड़ी में आज यानी गुरुवार से राज्य में अनलॉक-6 लागू हो गया है। 140 दिनों बाद राज्य अनलॉक हुआ है। इस साल गत 9 अप्रैल से राज्य के सभी धार्मिक स्थल बंद थे, जिन्हें खोले जाने का आदेश जारी कर दिया गया है। इसके अलावा दुकानें, मॉल, स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थानों को पूरी क्षमता के साथ खोलने की अनुमति दे दी गई है। साथ ही लोगों से कोविड अनुकूल व्यवहार करने की अपील की गई है।
राजगीर स्थित कुंड भी आम जनता के लिए खोला जाएगा। कुंड में स्नान के लिए आने वाले व्यक्तियों की रैपिड एंटीजन टेस्ट के माध्यम से जांच कराई जाएगी। इस जांच से वैसे व्यक्ति मुक्त रहेंगे, जिनके पास 72 घंटों में आरटीपीसीआर की निगेटिव जांच रिपोर्ट हो।
कोरोना संक्रमण की स्थिति में सुधार को देखते हुए सभी दुकानें, प्रतिष्ठान, शॉपिंग मॉल, पार्क, उद्यान एवं धार्मिक स्थल सामान्य रूप से खुल सकेंगे। जिला प्रशासन की अनुमति से सभी प्रकार के सामाजिक, राजनीतिक, मनोरंजन, खेल-कूद, सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजन अपेक्षित सावधानियों के साथ आयोजित किए जा सकेंगे। सभी विश्वविद्यालय, कॉलेज, तकनीकी शिक्षण संस्थान तथा विद्यालय (पहली से 12वीं कक्षा तक) के साथ-साथ कोचिंग संस्थान भी सामान्य रूप से खुलेंगे। राज्य के विश्वविद्यालयों, कॉलेजों, विद्यालयों द्वारा परीक्षा आयोजित की जा सकेगी। 50 प्रतिशत क्षमता के साथ सिनेमा हॉल, क्लब, जिम, स्वीमिंग पूल, रेस्टोरेंट एवं खाने की दुकानें खुल सकेंगी। परंतु, तीसरी लहर की संभावना के मद्देनजर हम सभी बिहारवासियों को कोविड अनुकूल व्यवहार के साथ सावधानी बरतनी जरूरी है।

