लुम्बिनी संस्कृति नगरपालिका में महाभारत काल के प्राचीन शहर के प्रमाण मिले
नेपाल के रुपन्देही जिले के लुम्बिनी संस्कृति नगरपालिका में महाभारत काल के प्राचीन शहर के प्रमाण मिले हैं। हस्तिनापुर जैसे शहर की संरचना मिलने के सबूत की बात कही जा रही है। लुम्बिनी विकास कोष की ओर से रिसर्च कराया जा रहा है।
लुम्बिनी विकास कोष की ओर से बताया गया कि पहले नदियों के किनारे शहर व सभ्यता बस्ती थी। भगवान बुद्ध के कपिलवस्तु क्षेत्र के खोजने के क्रम में इस शहर के अवशेष मिले। महानगर पालिका के वार्ड नं 12 में निपानिया गांव के निकट दानव नदी के किनारे अनेक तरह के मिट्टी के बर्तन, अनेक पुराने कुंए, मानव अस्थिपंजर और बहुत से प्राचीन सम्पदा मिले। दावा किया जा रहा है कि यह सभी 11वीं शताब्दी का है और यहां पर एक बड़े शहर की सभ्यता का प्रमाण है।
लुम्बिनी विकास कोष के उपाध्यक्ष भिक्षु मेतय ने बताया कि यहां पर जो भी सामान मिल रहे हैं, उसे पुरातत्व विभाग ने हड़प्पा सभ्यता के समकालीन बताया है। बताया कि यह सभ्यता भगवान बुद्ध के जन्म से 700 वर्ष पहले की है। उन्होंने बताया कि भारतीय पुरातत्व के बालचंद देव के अनुसार यहां की मिट्टी की संरचना भारत के हस्तिनापुर के समकालीन की मानी जा रही है। बताया कि यह 700 से 1100 शताब्दी के बीच की है।
खनन कर जुटाया जाएगा प्रमाण
लुम्बिनी विकास कोष भगवान बुद्ध के रुपन्देही और कपिलवस्तु जिले में बिताये जगहों पर अध्ययन कर रहा है। इसमें यह भी खोजा जा रहा है भगवान बुद्ध का राज्य कहां तक था? लुम्बिनी विकास कोष जिन-जिन स्थानों पर अवशेष मिले हैं, उन जगहों की खनन कर पुरातत्व विभाग से मिलकर कराते हुए प्रमाण जुटाएगा।

