देर रात ई बस बनी काल : कानपुर में भीषण बस दुर्घटना छ की मौत कई घायल
हादसे से हर किसी की रूह कांप गई। बस की रफ्तार बहुत ही तेज थी। 200 मीटर तक हादसे ने तबाही मचा दी। ई-बस ने दो कारों, दो बाइकों, दो स्कूटी, एक टेंपो के परखचे उड़ा दिए। फिर डंपर से टकरा गई। सड़क पर शव बिखरे थे और घायल तड़प रहे थे। हर तरफ चीख-पुकार और चीत्कार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घंटाघर चौराहे से ही ये बस बहुत ही रफ्तार में निकली थी। वहां से चंद मीटर दूर पहुंचते ही वाहनों को टक्कर मारते ही लोगों को रौंद दिया। पुलिस व राहगीरों ने मिलकर किसी तरह से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। शवों को भी एंबुलेंस व निजी वाहनों से भिजवाया। हादसे के बाद पूरे रूट पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई। करीब 200 मीटर तक के हालात बयां कर रहे थे कि हादसा कितना बड़ा है। मृतकों व घायलों की चप्पलें, फटे कपड़े, गाड़ियों के घिसटने के निशान आदि। जिसने भी हादसा देखा वह सकते में पड़ गया।
रात करीब साढ़े ग्यारह बजे एक इलेक्ट्रिक बस तेज रफ्तार में घंटाघर चौराहे से टाटमिल की तरफ जा रही थी। पुल उतरते ही बस विपरीत दिशा में चालक ने दौड़ाना शुरू किया और जो बीच में आया उसको रौंदते हुए निकल गया। टाटमिल चौराहे पर बने ट्रैफिक बूथ में टक्कर मारी और फिर चकेरी की तरफ से आ रहे डंपर से जा टकराई। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। जिसमें से चार की शिनाख्त हो सकी। अन्य मृतकों की पहचान के लिए पुलिस जद्दोजहद में जुटी रही।

