शव्वाल का चांद नज़र नहीं आया, इसलिए ईद तीन मई को, आज आखिरी रोज़ा
रविवार को ईद का चांद नजर नहीं आया, इसलिए ईद-उल-फित्र का त्योहार मंगलवार को मनाया जाएगा तथा सोमवार को 30वां और आखिरी रोज़ा होगा. फतेहपुरी मस्जिद के शाही इमाम मौलाना मुफ्ती मुकर्रम अहमद ने बताया कि दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में ईद का चांद नज़र नहीं आया है, इसलिए ईद का त्योहार मंगलवार तीन मई को मनाया जाएगा.
उन्होंने कहा, “उत्तर प्रदेश, बंगाल, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान समेत किसी भी राज्य से चांद दिखने की खबर नहीं मिली है.” उन्होंने कहा कि सोमवार को 30वां रोज़ा होगा और शव्वाल (इस्लामी कैलेंडर के 10वें महीने) की पहली तारीख मंगलवार को होगी. शव्वाल के महीने के पहले दिन ईद होती है.
‘देश के किसी हिस्से से चांद दिखने की खबर नहीं’
वहीं, जामा मस्जिद के शाही इमाम सैयद अहमद बुखारी ने एक बयान में कहा कि देश के किसी हिस्से से शव्वाल यानी ईद-उल-फित्र का चांद दिखने की कोई खबर नहीं है. बुखारी ने कहा, “ईद तीन मई मंगलवार के दिन होगी.” उधर, मुस्लिम संगठन इमारत-ए-शरिया हिंद ने भी एलान किया है कि रविवार को देश के किसी हिस्से में मीठी ईद का चांद नज़र नहीं आया है, लिहाज़ा मंगलवार को दिल्ली व देश के अन्य हिस्सों में ईद का त्योहार मनाया जाएगा.
शव्वाल का चांद नज़र नहीं आया है और इसलिए ईद तीन मई को मनाई जाएगी.

