रक्सौल बाइपास में बन रहे ओवरब्रिज पर चढ़ाया गार्डर आवागमन में होगी सुविधा

बिरगंज ।भारत-नेपाल सीमा पर बने एकिकृत जांच चौकी (आइसीपी) को जोड़ने वाली लिंक रोड पर निर्माणाधीन रेल-रोड ओवरब्रिज पर सोमवार को गॉर्डर चढ़ाया गया। गॉर्डर लांच किये जाने के बाद अप्रोच बनाने का काम भी तेजी से पूरा किया जायेगा।
रक्सौल बॉर्डर पर स्थित आइसीपी को जोड़ने वाली लिंक रोड में गॉर्डर चढ़ाने का काम पूरा होने के बाद यहां अप्रोच रोड बनायी जायेगी। इसके बाद भारत-नेपाल ट्रेड को काफी फायदा मिलेगा।
रेलवे गुमटी बंद होने के कारण जो ट्रेड की गाड़ियां घंटो तक फंसी रहती थी, उनके आवागम में सुविधा होगी। सोमवार को ओवरब्रिज पर गॉर्डर चढ़ाने के लिए कुल 2 घंटा 55 मिनट का ब्लॉक दिया गया था। जिसके आलोक में गॉर्डर चढ़ाने की कार्रवाई पूरी की गयी। मंगलवार को भी 1 बजकर 15 मिनट से लेकर 3 बजकर 55 मिनट का ट्रैफिक और इलेक्ट्रिक ब्लॉक लिया गया है।
रामकृपाल सिंह कंस्ट्रक्शन कंपनी के डीपीएम वरूण कुमार सिंह ने बताया कि 15 जून तक सभी गॉर्डर चढ़ाने का काम पूरा हो जायेगा, जहां अप्रोच रोड पूरा है उसको शुरू किया जायेगा। रक्सौल में अभी अप्रोच रोड नहीं बना है, ऐसे में गॉर्डर चढ़ाने के बाद यहां तेजी से अप्रोच बनाने का काम पूरा किया जायेगा।

