Mon. Jul 20th, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल गिरफ्तार, किसके हाथ होगी दिल्ली की कमान

 

दिल्ली 22 मार्च

हाई कोर्ट से गिरफ्तारी पर रोक से इनकार के बाद देर शाम ईडी की टीम अरविंद केजरीवाल के घर पर पहुंची। करीब 2 घंटे की छापेमारी और पूछताछ के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री को जांच एजेंसी ने गिरफ्तार कर लिया है। उधर शराब घोटाले के मामले में अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर रोक की मांग को लेकर लीगल टीम सुप्रीम कोर्ट भी पहुंच गई। अरविंद केजरीवाल को शुक्रवार को ईडी कोर्ट में पेश करके पूछताछ के लिए हिरासत की मांग करेगी।
दिल्ली सरकार और आप के मुखिया अरविंद केजरीवाल के गिरफ्तार होने के बाद सरकार और पार्टी के लिए मुश्किलें बढ़ गई हैं। केजरीवाल कैबिनेट में नंबर दो की हैसियत रखने वाली मंत्री आतिशी ने यह जरूर कहा है कि वह मुख्यमंत्री बने रहेंगे और जेल से सरकार चलाएंगे, लेकिन कहने में यह जितना आसान लगता है, वास्तव में उतना आसान नहीं होगा। यह व्यावहारिक भी नहीं नजर आता। सरकार को एक मुखिया की जरूरत होगी, वहीं पार्टी को भी एक ऐसा चेहरा चाहिए होगा, जो चुनाव के समय राष्ट्रीय संयोजक की अचानक पैदा हुई कमी को कुछ हद तक ही सही, दूर कर सके।
बृहस्पतिवार शाम सीएम हाउस में ईडी के पहुंचते ही पार्टी नेताओं-कार्यकर्ताओं में केजरीवाल की गिरफ्तारी की आशंका घर कर गई थी। साथ ही चर्चाओं का दौर भी शुरू हो गया था कि केजरीवाल के बाद कौन। पार्टी सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री के लिए पहला नाम स्वयं केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल का हो सकता है, जबकि दूसरे नाम की बात पर कई स्तरों पर आतिशी का नाम उभरता है।
सूत्र बताते हैं कि भारतीय राजस्व सेवा की अधिकारी रहीं सुनीता केजरीवाल अरविंद के साथ अनौपचारिक रूप से सरकार के कामकाज देखती रही हैं, वहीं करीब दस वर्षों से एक राजनीतिक परिवार का हिस्सा होने के कारण उनकी राजनीतिक समझ पर भी फौरी तौर पर सवाल नहीं उठाया जा सकता है। पार्टी सूत्रों का यह भी कहना है कि पार्टी के कार्यकर्ता अरविंद केजरीवाल की अनुपस्थिति में सुनीता में अपना नेतृत्व देखते हैं।

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *