अफगानिस्तान की सेना पाकिस्तानी सीमा में, दोनों ओर से जमकर गोलीबारी
बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी और तहरीक-ए-तालिबान के हमलों के साथ अफगानिस्तान की सेना ने भी पाकिस्तानी क्षेत्र में घुसपैठ की है.
बलूचिस्तान के चाघी जिले से गुरुवार को जो दृश्य सामने आए, उसने दक्षिण एशिया में एक और बड़े संघर्ष की आहट दे दी है. पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच लंबे समय से तनाव की लकीर अब एक खुली भिड़ंत में बदल चुकी है. खबर है कि अफगानिस्तान की सेना पाकिस्तानी सीमा में घुस आई है और दोनों ओर से जमकर गोलीबारी हो रही है. हालात इतने गंभीर हैं कि सीमा पर ‘जंग जैसे हालात’ बन गए हैं.
चाघी वही इलाका है जो बलूचिस्तान में डूरंड लाइन के पास स्थित है. वही डूरंड लाइन जिसे अफगान तालिबान अब ‘अवैध’ घोषित कर चुका है. यहीं से अफगान सैनिकों के पाकिस्तान में घुसपैठ की पुष्टि हुई है. स्थानीय सूत्रों के अनुसार, गोलीबारी में कई पाकिस्तानी सैनिकों की मौत हुई है, हालांकि पाकिस्तान की ओर से अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
अफगानिस्तान की तालिबान सरकार अब डूरंड लाइन को मानने को तैयार नहीं है. उन्होंने न सिर्फ सीमा को अवैध बताया है, बल्कि क्वेटा और पेशावर जैसे पाकिस्तान के प्रमुख शहरों पर भी दावा ठोक दिया है. तालिबान का आरोप है कि पाकिस्तान की सेना बार-बार उनके इलाके में घुसपैठ कर रही है. इस आरोप का जवाब देते हुए पाकिस्तान ने कहा कि तालिबान और तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) मिलकर उसकी सेना और चौकियों पर हमला कर रहे हैं. दोनों देशों के बीच भरोसे की डोर अब लगभग टूट चुकी लगती है.

