भारत की आर्थिक सहायता से मुस्ताङ के लोमान्थाङ में छात्रावास और चमेना गृह निर्माण कार्य प्रारम्भ
काठमांडू, 8 जून 2025 । नेपाल के मुस्ताङ जिले के लोमान्थाङ गाउँपालिकास्थित श्री दिव्य दीप माध्यमिक विद्यालय में छात्रावास भवन तथा चमेना गृह निर्माण कार्य का शिलान्यास आज भारत के काठमांडू स्थित राजदूतावास के उप प्रमुख श्री प्रसन्न श्रीवास्तव और लोमान्थाङ गाउँपालिका के अध्यक्ष श्री टसी न्हर्वु गुरुङ द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर राजनीतिक प्रतिनिधियों, सरकारी अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की उपस्थिति रही।
यह परियोजना भारत सरकार द्वारा ‘भारत-नेपाल विकास सहयोग’ कार्यक्रम के अंतर्गत लगभग 3.76 करोड़ नेपाली रूपैयाँ की आर्थिक सहायता से संचालित की जा रही है। निर्माणाधीन छात्रावास भवन में शौचालय, स्नानगृह, भोजन कक्ष सहित रसोईघर, विश्राम कक्ष तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं शामिल होंगी। इस कार्य को उच्च प्रभाव सामुदायिक विकास परियोजना (HICDP) के रूप में लोमान्थाङ गाउँपालिका के माध्यम से कार्यान्वित किया जा रहा है।
श्री दिव्य दीप माध्यमिक विद्यालय, ऊपरी मुस्ताङ क्षेत्र का एकमात्र उच्च माध्यमिक विद्यालय है, जो लो-घेकर दामोदरकुण्ड तथा लोमान्थाङ गाउँपालिकाका बच्चों को शिक्षा प्रदान करता है। विद्यालय का लक्ष्य अनुभवी व प्रेरणादायी शिक्षकों के माध्यम से गुणस्तरीय शिक्षा उपलब्ध कराना है।
भारत सरकार ने 2003 से अब तक नेपाल के सातों प्रदेशों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पुल, नदी प्रशिक्षण, पेयजल, विद्युतीकरण, कृषि, संस्कृति और समाज कल्याण जैसे क्षेत्रों में कुल 573 उच्च प्रभाव परियोजनाएं पूरी की हैं। इनमें से गण्डकी प्रदेश में 59 परियोजनाएं और केवल मुस्ताङ में 17 परियोजनाएं शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, भारत ने नेपाल के विभिन्न अस्पतालों, स्वास्थ्य चौकियों और शैक्षिक संस्थानों को अब तक 1009 एम्बुलेंस और 300 स्कूल बसें उपहार स्वरूप प्रदान की हैं, जिनमें गण्डकी प्रदेश के लिए 119 एम्बुलेंस और 40 स्कूल बसें शामिल हैं। मुस्ताङ के हिस्से में 11 एम्बुलेंस और 5 स्कूल बसें आई हैं, जो शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा की पहुँच को और बेहतर बना रही हैं।
इस अवसर पर श्री प्रसन्न श्रीवास्तव ने भारत-नेपाल के बीच वर्षों से चल रही विकास साझेदारी के विस्तार पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने नेपाल सरकार और नेपाली जनता की प्राथमिकताओं के अनुरूप इस सहयोग को और मजबूत करने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराई।
लोमान्थाङ गाउँपालिकाका अध्यक्ष तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों और विद्यालय प्रबंधन समिति ने भारत सरकार द्वारा नेपाली जनता के लिए किए जा रहे सहयोग की सराहना की और विश्वास जताया कि यह नई संरचना विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए एक बेहतर शैक्षिक वातावरण तैयार करेगी।
अपने मुस्ताङ दौरे के दौरान उप प्रमुख श्री श्रीवास्तव ने लोवो निफुग नामड्रोल नोर्वुलिङ्ग मोनास्टिक स्कूल का भी भ्रमण किया, जहाँ भारत सरकार की सहायता से 4.14 करोड़ नेपाली रूपैयाँ लागत की छात्रावास भवन का निर्माण हो रहा है।
भारत और नेपाल के बीच घनिष्ठ पड़ोसी होने के नाते बहुआयामी सहयोग जारी है। HICDP परियोजनाओं का कार्यान्वयन नेपाल सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप बुनियादी ढाँचे के विस्तार में भारत के सहयोग को प्रतिबिंबित करता है और नेपाली जनता के सर्वांगीण विकास में एक मजबूत कड़ी के रूप में उभर रहा है। 


