रूस में ८.७ तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप, अमेरिका और जापान में सुनामी की चेतावनी जारी
काठमांडू, सावन १४ – बुधवार को रूस के पूर्वी तटीय क्षेत्र में ८.७ तीव्रता का भूकंप आया । यूएसजीएस के अनुसार, भूकंप का केंद्र कमचटका प्रायद्वीप में पेट्रोपावलोव्स्क से लगभग १३६ किलोमीटर पूर्व, १९ किलोमीटर की गहराई में था । बताया जा रहा है कि रूस के कमचटका क्षेत्र में समुद्र में चार मीटर तक ऊंची लहरें उठीं।
स्थानीय गवर्नर ने इसे बीते दशकों में आए भूकंपों में सबसे तेज बताया है । क्षति का संपूर्ण विवरण अभी तक नहीं मिल पाया है ।
यूएसजीएस ने कहा है कि अगले कुछ घंटों में रूस और जापान के तटों पर खतरनाक सुनामी लहरें पहुंच सकती हैं । अमेरिकी अधिकारियों ने अलास्का सहित कई क्षेत्रों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की है ।
जापान की मौसम एजेंसी ने भी अपने प्रशांत तटीय इलाकों में लगभग ३.३ फीट ऊंची सुनामी लहरें उठने की चेतावनी दी है ।
शुरुआत में भूकंप की तीव्रता ८.० बताई गई थी, लेकिन बाद में इसे संशोधित कर ८.७ कर दिया गया । यूएसजीएस ने खतरे वाले तटीय इलाकों में लोगों को सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है ।

