मधेश में एक और मोर्चा गठन की तैयारी
काठमांडू, सावन २१ – मधेश में एक और मोर्चा गठन की तैयारी चल रही है । जबकि सात दलों वाला संघीय लोकतांत्रिक मोर्चा सक्रिय है, अन्य दलों के बीच गठबंधन या कार्यकारी एकता के संबंध में चर्चा चल रही है । सूत्र अनुसार अशोक राई नेतृत्व की जनता समाजवादी पार्टी (जसपा), महन्थ ठाकुर नेतृत्व की लोकतान्त्रिक समाजवादी पार्टी (लोसपा) नेपाल और राजेन्द्र महतो नेतृत्व की राष्ट्रीय मुक्ति पार्टी (रामुपा)नेपाल बीच कार्यगत एकता के लिए चर्चा चल रही है । सूत्रों के अनुसार यह एकता तीनों दलों के बीच में हो सकती है या फिर अलग –अलग भी कार्यगत हो सकती है ।
जसपा लोसपा नेपाल और राष्ट्रीय मुक्ति पार्टी नेपाल के साथ अलग अलग बात कर रही है । जसपा के एक नेता ने बताया कि इन दलों के बीच में एक दो चरण की बातचीत हो चुकी है । इसी विषय में चर्चा करने के लिए जसपा ने आज कार्यकारिणी समिति की बैठक बुलाई है ।
बालकुमारी स्थित पार्टी कार्यालय में आज तीन बजे बैठक बुलाई गई है । इस बैठक में इसी कार्यगत एकता अथवा मोर्चा के विषय में चर्चा की जाएगी । बैठक में चर्चा एक मात्र एजेण्डा दलों के कार्यगत एकता पर होगी ।
जसपा के महासचिव इस्तियाक राइ ने कहा कि – लोसपा और राष्ट्रीय मुक्ति पार्टी के साथ ही नहीं अन्य दलों के साथ भी चर्चा चल रही है । उन्होंने बताया कि जसपा ने यह निर्णय लिया है कि मुद्दा, विचार और एजेण्डा मिलने वाले दलों के साथ कार्यगत एकता की जा सकती है ।


