अफगानिस्तान में भूकंप, अब तक २० लोगों की मृत्यु
काठमांडू, भादव १६ – अफगानिस्तान में आज रात तेज भूकंप आया है । १२ बजकर ४७ मिनट पर आए इस भूकंप की तीव्रता ६.३ मापी गई है । अफगानिस्तान के साथ–साथ पाकिस्तान के कई हिस्सों में भी तेज झटके महसूस किए गए हैं। भूकंप से बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है । अब तक २० लोगों की मृत्यु हो चुकी है । बहुत से मोहल्ले में घर गिर गए है ।
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) का अनुमान है कि इस भूकंप में सैकड़ों लोग मारे जा सकते हैं। यूएसजीएस की वेबसाइट पर अनुमान लगाया गया है कि बड़ी संख्या में लोगों के हताहत होने की संभावना है“ क्योंकि यह आपदा संभावित रूप से व्यापक है। अब तक २० लोगों के मारे जाने की खबर सामने आ चुकी है ।
यूएसजीएस के अनुसार दर्जनों घर गिरने से बड़ी संख्या में लोग मलबे में दबे हैं। इससे आशंका है कि भूकंप में सैकड़ों लोग मारे जा सकते हैं। ज्यादातर घर कुनार प्रांत के नोर्गल जिले की मजार घाटी में क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिसकी सीमा पाकिस्तान से लगती है। यह घाटी एक पहाड़ी इलाके में स्थित है।
यूएसजीएस के अनुसार, भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान के बासावुल से ३६ किलोमीटर उत्तर में था। इसकी गहराई १० किलोमीटर (६.२ मील) थी। इसका असर पूरे क्षेत्र में हुआ और पाकिस्तान के भी बड़े हिस्से में भूकंप के झटके आए। ६ से ज्यादा की तीव्रता के भूकंप को खतरनाक माना जाता है।


