रक्सौल के मनु कुमार ने IB (ED) में चयनित हो लहराया सफलता का परचम, क्षेत्र में खुशी की लहर.
रक्सौल:रक्सौल नगर परिषद क्षेत्र के नागा रोड वार्ड संख्या–11 निवासी रामाशंकर प्रसाद कानू एवं उनकी धर्मपत्नी रेणु देवी के ज्येष्ठ सुपुत्र मनु कुमार ने भारत सरकार के अधीन गृह मंत्रालय द्वारा आयोजित खुफिया विभाग की परीक्षा में सफलता का परचम लहरा इतिहास रच दिया है।
मनु कुमार का चयन इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) में Assistant Central Intelligence Officer (ACIO) / Executive (ED) के पद के लिए हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मनु कुमार ने वर्ष 2024 में आयोजित इस परीक्षा के फाइनल परिणाम में सफलता हासिल करते हुए यह गौरवपूर्ण उपलब्धि प्राप्त की है। उनका रोल नंबर – 209519302984 बताया गया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे मोहल्ले और क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
बता दें मनु कुमार की प्रारंभिक शिक्षा रक्सौल में ही हुई है । उन्होंने दसवीं और बारहवीं की पढ़ाई G.S.E. कॉलेज, कानपुर से पूरी की। इसके बाद उन्होंने उच्च शिक्षा प्राप्त करते हुए बीएचयू वाराणसी से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। अपनी कड़ी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर उन्होंने देश की प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षा में सफलता प्राप्त कर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
वर्तमान में मनु कुमार विद्युत विभाग, मुख्यालय पटना में कार्यरत हैं। उनकी सफलता पर पिता रामाशंकर प्रसाद कानू, माता रेणु देवी तथा भाई–बहनों के साथ पूरे परिवार में हर्ष का माहौल है।
वहीं भारत विकास परिषद रक्सौल शाखा के विनोद कुमार ( नारियल गद्दी) एवं रजनीश प्रियदर्शी ने संयुक्त रूप से बताया कि मनु कुमार की यह सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनकी उपलब्धि से यह सिद्ध होता है कि कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। मनु कुमार की इस उपलब्धि पर हर्ष प्रकट करते हुए बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। बधाई देने वालों में अशोक कुमार, प्रो. गणेश नारायण सिंह, पूर्व मुख्य पार्षद प्रतिनिधि, धर्मनाथ प्रसाद, प्रो. अनिल कुमार, दिनेश प्रसाद सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

