Wed. Jun 3rd, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

संगीत जगत की मशहूर पार्श्व गायिका सुमन कल्याणपुर का निधन

 

संगीत जगत की मशहूर पार्श्व गायिका सुमन कल्याणपुर का रविवार शाम निधन हो गया. वह 89 वर्ष की थीं. उम्र संबंधी समस्याओं के कारण उन्होंने मुंबई स्थित अपने लोखंडवाला आवास पर अंतिम सांस ली. उनके निधन की खबर से संगीत प्रेमियों और फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई है. सुमन कल्याणपुर की करीबी मित्र और उनकी चर्चित मराठी जीवनी सुमन सुगंध की लेखिका मंगला खाडिलकर ने उनके निधन की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि सुमन कल्याणपुर ने रविवार रात करीब 8 बजे अपने घर पर शांतिपूर्वक अंतिम सांस ली. बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से वह अपने पुराने गीत सुन रही थीं. उनके परिवार में उनकी बेटी चारु हैं.
सुमन कल्याणपुर भारतीय सिनेमा के स्वर्णिम दौर की उन चुनिंदा गायिकाओं में शामिल थीं, जिन्होंने 1960 और 1970 के दशक में अपनी मधुर आवाज से लाखों श्रोताओं के दिलों में खास जगह बनाई. उस दौर में जब लता मंगेशकर का संगीत जगत पर दबदबा था, तब भी सुमन कल्याणपुर ने अपनी अलग पहचान स्थापित की और कई यादगार गीतों को अपनी आवाज दी.
उनके गाए गीत आज भी संगीत प्रेमियों की जुबान पर हैं. ‘आजकल तेरे मेरे प्यार के चर्चे’, ‘ना ना करते प्यार तुम्हीं से’, ‘तुमने पुकारा और हम चले आए’ जैसे गीतों ने उन्हें घर-घर में लोकप्रिय बना दिया. उनकी सुरीली आवाज और भावपूर्ण गायकी ने उन्हें हिंदी फिल्म संगीत की सबसे सम्मानित गायिकाओं में शामिल किया.

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may missed