Wed. Nov 18th, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

एनपीएल – चितवन राइनोज ने किया तीसरे सीजन के क्वालिफायर–२ में प्रवेश

 

काठमांडू, मंसिर २ : चितवन राइनोज ने काठमांडू गोर्खाज को ६१ रन से पराजित नेपाल प्रीमियर लीग (एनपीएल) के तीसरे सीजन के क्वालिफायर–२ में प्रवेश कर लिया है।
इस जीत के साथ चितवन का क्वालिफायर–२ में सुदूरपश्चिम रॉयल्स से मुकाबला होगा । एनपीएल के इतिहास में चितवन की टीम पहली बार क्वालिफायर–२ में पहुँची है । इससे पहले पहले सीजन में चितवन एलिमिनेटर तक पहुँची थी, जबकि दूसरे सीजन में लीग चरण से ही बाहर हो गई थी।
बुधवार को कीर्तिपुर स्थित त्रिभुवन विश्वविद्यालय क्रिकेट मैदान में चितवन की ओर से दिए गए २०५ रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए काठमांडू की टीम निर्धारित २० ओवर में ९ विकेट खोकर केवल १४३ रन ही बना सकी ।
चितवन की जीत में रिजान ढकाल ने अहम भूमिका निभाते हुए चार विकेट लिए। उन्होंने चार ओवर में केवल १६ रन खर्च किए। उनकी किफायती गेंदबाजी ने शुरुआत से ही काठमांडू पर दबाव बनाए रखा।
रिजान ने पावरप्ले में ही टीम को दो सफलताएँ दिलाईं। उन्होंने १.२ ओवर में देव खनाल के हाथों साहिल पटेल को कैच आउट कराया। इसके बाद सलामी बल्लेबाज सैम हेजलेट को बोल्ड कर दूसरा विकेट लिया।
इसके बाद रिजान ने १५.३ ओवर में कुशल मल्ल के हाथों सोनु देवकोटा को कैच आउट कराया। १७.२ ओवर में संतोष यादव को आउट कर उन्होंने अपना चौथा विकेट हासिल किया।
पाकिस्तानी गेंदबाज उस्मा मीर ने भी तीन विकेट लिए । उनका प्रदर्शन काठमांडू के मध्यक्रम को ध्वस्त करने में निर्णायक रहा । उन्होंने विल बोसिस्टो, सेहान अराचिगे और कप्तान करण केसी को सस्ते में पवेलियन भेजा।
इसके अलावा सलाहुद्दीन खान और कुशल मल्ल ने एक–एक विकेट लिया ।

यह भी पढें   आज राष्ट्रीय कर दिवस ...राजबहादुर शाह सम्मानित

काठमांडू के प्रमुख बल्लेबाज अधिक देर तक क्रीज पर नहीं टिक सके और टीम संतोषजनक प्रदर्शन करने में नाकाम रही। विलियम ३७ रन बनाकर टीम के सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।
अविजित रहे भीम शार्की ने ३० रन बनाए। सेहान ने २४, राशिद ने १२ और संतोष ने १० रन का योगदान दिया। इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज दोहरे अंक तक नहीं पहुँच सका।
सोनु ने ६, गणेश गौतम ने ४, सैम ने ३ और साहिल ने २ रन बनाए। कप्तान करण और जहानदाद खान ने एक–एक रन बनाया।
इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी चितवन राइनोज ने निर्धारित २० ओवर में चार विकेट खोकर २०४ रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था।
चितवन की ओर से सलामी बल्लेबाज कमिल मिश्रा ने नाबाद १२० रन की विस्फोटक शतकीय पारी खेली। उनकी इस पारी की बदौलत टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल रही । एनपीएल में यह उनका पहला शतक है। इसके साथ ही वह मौजूदा सीजन में शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले पोखरा एवेंजर्स के सलामी बल्लेबाज युवराज समरा ने कर्णाली याक्स के खिलाफ १०२ रन की शतकीय पारी खेली थी।
कमिल ने ५९ गेंदों का सामना करते हुए पांच चौके और १० छक्के लगाए। इसके साथ ही उन्होंने मौजूदा सीजन में व्यक्तिगत सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड युवराज समरा के नाम था।
चितवन के कप्तान रवि बोपारा ने भी ५३ रन की अर्धशतकीय पारी खेली। एनपीएल में यह उनका दूसरा अर्धशतक है। इससे पहले उन्होंने लीग चरण में काठमांडू के खिलाफ ही अपना पहला अर्धशतक बनाया था। उन्होंने ४२ गेंदों में तीन चौके और दो छक्के लगाए।

यह भी पढें   आपरेशन सिन्दूर भारतीय सेनाओं की पाकिस्तान पर विजय का जयघोष है

कमिल मिश्रा और रवि बोपारा के बीच १५४ रन की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई। हालांकि, १८.३ ओवर में रवि के बोल्ड होने के बाद यह साझेदारी टूट गई।

सलामी बल्लेबाज देव ने १७ रन बनाए, जबकि विवेक ८ रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
काठमांडू की ओर से कप्तान करण और राशिद ने दो–दो विकेट लिए।इस हार के साथ ही काठमांडू गोर्खाज प्रतियोगिता से बाहर हो गई ।

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com