एनपीएल– क्रिकेट के दूसरे क्वालिफायर में चितवन राइनोज और सुदूरपश्चिम रॉयल्स के बीच मुकाबला
काठमांडू, मंसिर ३ : नेपाल प्रीमियर लीग (एनपीएल) क्रिकेट के दूसरे क्वालिफायर मुकाबले में चितवन राइनोज और सुदूरपश्चिम रॉयल्स की टीमें आमने–सामने होंगी । कीर्तिपुर स्थित त्रिभुवन विश्वविद्यालय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैदान में आज दोपहर ४ः३० बजे दोनों टीमों के बीच फाइनल में जगह बनाने के लिए मुकाबला होगा ।
पहले क्वालिफायर में सुदूरपश्चिम रॉयल्स को लुम्बिनी लायन्स के हाथों ६ विकेट से हार का सामना करना पड़ा था । सुदूरपश्चिम की ओर से दिए गए १०६ रनों के लक्ष्य को लुम्बिनी ने २० गेंद शेष रहते ४ विकेट खोकर हासिल कर लिया और फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली ।
वहीं, चितवन राइनोज ने एलिमिनेटर मुकाबले में काठमांडू गोर्खाज को हराकर दूसरे क्वालिफायर में अपनी जगह बनाई है । बुधवार को खेले गए एलिमिनेटर मुकाबले में चितवन राइनोज ने काठमांडू गोर्खाज को ६१ रनों से पराजित किया। इस हार के साथ ही काठमांडू गोर्खाज प्रतियोगिता से बाहर हो गई। जीत के साथ चितवन राइनोज ने दूसरे क्वालिफायर में सुदूरपश्चिम रॉयल्स से मुकाबला तय किया । दूसरे क्वालिफायर की विजेता टीम शनिवार को होने वाले फाइनल में मौजूदा चैंपियन लुम्बिनी लायन्स से भिड़ेगी।

