उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले में आतंकियों ने किया हमला
श्रीनगर, (जेएनएन)। पाकिस्तान मे हुई सर्जिकल स्ट्राइक के बाद बीती रात करीब साढ़े दस बजे उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले में आतंकियों ने 46 राष्ट्रीय रायफल्स के कैंप पर एक फिदायीन हमला कर दिया। इसके अलावा बीएसएफ कैंप को भी आतंकियों ने निशाना बनाया। यह फिदायीन हमला दो तरफ से किया गया। एक हमला नदी के रास्ते से कैंप के पीछे किया गया जबकि दूसरा हमला मेन गेट से अंदर घूसने के लिए किया गया।
हालांकि बीएसएफ और सेना के जवानों की मुस्तैदी के कारण दो आतंकियों को ढेर कर दिया गया। इस मुठभेड़ में बीएसएफ का एक जवान नितिन भी शहीद हो गया। वहीं एक घायल आतंकी झेलम नदी में कूद गया है। इस आतंकी की तलाश की जा रही है। पूरे इलाके को सेना ने चारों तरफ से घेर रखा है। हमले में सेना के तीन जवान और बीएसएफ का एक जवान घायल भी हुआ है .मालूम हो कि आतंकियों ने इस साल कई बड़े हमले किए हैं। पहला हमला 2 जनवरी को पठानकोट एयरबेस पर हुआ था। इस हमले में सात जवान शहीद हुए थे। इसके बाद दूसरा बड़ा हमला 18 सितंबर की रात को उड़ी में हुआ था। जिसमें कैंप पर सो रहे फिदायीनों ने हमला कर दिया था इस हमले में 19 जवान शहीद हो गए थे। इसके बाद 29 सितंबर को भारतीय सेना के घातक कमांडो ने आतंकियों चार लांचिंग पैड पर हमला कर लगभग 50 आतंकियों को मार गिराया था। यह हमला भिमबेर, हॉटस्प्रिंग, केल और लिपा सेक्टर में किया गया था। इस सर्जिकल स्ट्राइक के बाद से ही यह आशंका जताई जा रही थी कि पाकिस्तान में बैठे दहशतगर्द कश्मीर में अपने स्लीपर सेल पर सुरक्षा प्रतिष्ठानों पर हमले का दबाव बना रहे थे।


