सुपर स्टार दिलीप कुमार की हालत गंभीर, लीलावती अस्पताल में हुए भर्ती
*मुम्बई.मधुरेश* ७ दिसिम्बर | हिंदी फिल्मों के सुपरस्टार रहे एक्टर दिलीप कुमार की हालत अचानक बिगड़ गई है। इसके कारण उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, उनके दाहिने पैर में दर्द और सूजन की शिकायत है।
इससे पहले भी कई बार उनकी हालत बिगड़ने के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दिलीप कुमार की पत्नी सायरा बानो और उनका पूरा परिवार उनके साथ है। सायरा का कहना है कि उन्हें रूटीन चेकअप के लिए अस्पताल लाना ही था। लेकिन पैर में सूजन के चलते डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती कर लिया है।
डॉक्टर का कहना है कि दिलीप कुमार को सर्दी और खांसी की भी शिकायत है। फिलहाल उनकी हालत पहले से बेहतर है। बता दें कि 11 दिसंबर को दिलीप कुमार का जन्मदिन है। इस बार वो 95 साल के हो जाएंगे। सभी कामना कर रहे हैं कि दिलीप जल्दी ठीक हो जाएं।
पूरा परिवार उन्हें 11 दिसंबर से पहले घर लाना चाहता है ताकि उनका जन्मदिन मनाया जा सके। दिलीप कुमार को साल 1991 में पद्म भूषण और 2015 में पद्म विभूषण से सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने भारतीय सिनेमा के लिए करीब छह दशक तक काम किया है। 1998 में रिलीज हुई फिल्म ‘किला’ उनकी आखिरी मूवी थी।


