साेमवार तक भारी बारिश की सम्भावना झापा, मोरंग, सुनसरी, सपत्तरी, सिरहा, सरलाही, रौतहट, बांके, बरदिया और दांग सबसे अधिक प्रभावित
काठमान्डू १३ अगस्त
देश के कई जिलों में लगातार बारिश के कारण आई बाढ़ और भूस्खलन में कम से कम 36 लोगों की मौत हो गई है। 12 लोग लापता बताए जा रहे हैं। झापा, मोरंग, सुनसरी, सपत्तरी, सिरहा, सरलाही, रौतहट, बांके, बरदिया और दांग जिले बाढ़ में सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। मोरंग में सैकड़ों घर जलमग्न हो गए हैं। बाढ़ का पानी हवाईअड्डे के इलाके में घुस जाने के कारण बिराटनगर एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया है। माैसम विभाग ने अलर्ट जारी किया हुअा है । साेमवार तक भारी बारिश का अनुमान किया जा रहा है ।
गृह मंत्रालय के अनुसार, दक्षिणी नेपाल के सुनसरी जिले में सात लोगों की मौत हुई है। सिंधुली में चार लोग मारे गए हैं। झापा में चार जबकि मोरांग, पंचटहर तथा बांके जिले में तीन-तीन लोगों की मौत हुई है। देश के अन्य जिलों में भी बाढ़ और भूस्खलन के कारण लोगों को अपने जीवन से हाथ धोना पड़ा है।
पूरे देश में बाढ़ और भूस्खलन ने सैकड़ों को विस्थापित कर दिया है। इस बीच, प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा ने कैबिनेट की आपातकालीन बैठक बुलाई। उन्होंने स्थानीय जिला प्रशासन को बचाव और राहत गतिविधियों को तेज करने का आदेश दिया है। गृह मंत्री जनार्दन शर्मा ने कहा कि बचाव कार्यो के लिए सभी सुरक्षा एजेंसियों का एकीकृत तरीके से इस्तेमाल किया जाएगा।


