Sun. Jul 5th, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

टीम इंडिया के सामने चित हुए कंगारू

 

नागपुर {मधुरेश प्रियदर्शी} –भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही पांच वनडे मैचों की सीरीज का पांचवां व अंतिम एकदिवसीय मैच रविवार को नागपुर में खेला गया। इसमें भारत ने ऑस्ट्रेलिया को सात विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज को 4-1 से अपने नाम कर लिया। 243 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने ओपनर रोहित शर्मा के शानदार शतक 125 रन तथा आजिंक्य रहाणे के अर्धशतक 61 रनों की बदौलत 42.5 ओवर में तीन विकेट खोकर ही उसे प्राप्त कर लिया।

इस जीत के साथ टीम इंडिया ने फिर से वनडे रैंकिंग पर पहला स्थान हासिल कर लिया है। इसके अलावा भारत ने पहली बार ऑस्ट्रेलिया को पांच वनडे मैचों की सीरीज में 4-1 से हराने की उपलब्धि भी हासिल कर ली। मैच में बेहतरीन बल्लेबाजी करने के लिए रोहित शर्मा को मैन ऑफ द मैच तथा पूरी सीरीज में ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए हार्दिक पांड्या को मैन ऑफ द सीरीज का अवार्ड दिया गया।

यह भी पढें   बेल्जियम की जीत सेनेगल फीफा विश्वकप से बाहर

इससे पहले लक्ष्य का पीछा करते हुए ओपनर रोहित शर्मा व आजिंक्य रहाणे ने पहले विकेट के लिए 124 रन की शतकीय साझेदारी कर भारत को ठोस शुरुआत दी। इस दौरान कुल्टर नाइल ने रहाणे को पगबाधा आउट कर इस जोड़ी को तोड़ा, लेकिन उन्हें इसका ज्यादा फायदा नहीं मिला। रहाणे के बाद आए कप्तान कोहली 39 ने रोहित शर्मा के साथ टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया।

इस दौरान रोहित शर्मा ने अपना 14वां वनडे शतक भी पूरा किया। 125 रन की पारी में रोहित ने 109 गेंदों का सामना करते हुए 11 चौके तथा 5 शानदार छक्के भी जमाए। इस शतक की बदौलत रोहित ने वनडे क्रिकेट में अपने 6000 रन भी पूरे कर लिए। इसके बाद 39वें ओवर में एडम जम्पा ने पहले रोहित शर्मा तथा बाद में कोहली को आउट कर भारत को एक के बाद एक लगातार दो झटके दिए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। बाद में पाण्डे ने फॉकनर के ओवर में लगातार दो चौके जडकऱ टीम को जीत दिला दी।

यह भी पढें   अर्जेंटीना फीफा विश्वकप २०२६ के प्री–क्वार्टर फाइनल में

इससे पहले ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ ने लगातार तीसरे मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय किया। ओपनर डेविड वॉर्नर 53 व एरोन फिंच 32 ने पहले विकेट के लिए 66 रनों की साझेदारी कर टीम को सधी हुई शुरुआत दी, लेकिन इस दौरान पांड्या ने फिंच को बुमराह के हाथों कैच कराकर इस जोड़ी को तोड़ दिया। इसके कुछ देर बाद ही केदार जाधव ने कप्तान स्मिथ 16 को पगबाधा कर पवेलियन भेज दिया।

यह भी पढें   फीफा विश्वकप के अंतिम १६ में पहुँचने वाली टीमें

ऑस्ट्रेलिया टीम इन झटकों से उबर भी नहीं पाई थी कि अक्षर पटेल ने वार्नर को पाण्डे के हाथों कैच कराकर बड़ा झटका दे दिया। इसके बाद ट्रेविस हेड 42 व स्टोइनिस 46 ने पांचवें विकेट के लिए 87 रनों की साझेदारी कर टीम को बड़े स्कोर की ओर ले जाने का प्रयास किया, लेकिन इनके आउट होने के बाद कोई भी बल्लेबाज ज्यादा देर तक क्रिज पर नहीं टिक सका।

यही कारण रहा कि ऑस्ट्रेलिया ने अपने अंतिम पांच बल्लेबाज महज 37 रन के अंतराल में गवां दिए। भारत की ओर से अक्षर पटेल ने सर्वाधिक 3 विकेट, जसप्रीत बुमराह ने 2 तथा हार्दिक पांड्या, केदार जाधव और भुवनेश्वर कुमार ने एक-एक विकेट लिया।

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *