टिकट के लिए राजपा नेता अनशन में
राजविराज, १३ कार्तिक । प्रतिनिधिसभा और प्रदेशसभा चुनाव के लिए वितरित टिकट में भेदभाव किया गया है, ऐसा आरोप लगाते हुए राजविराज में राष्ट्रीय जनता पार्टी (राजपा) के नेता लक्ष्मण यादव अनशन में बैठे हैं । राजपा सप्तरी क्षेत्र नं. २ के सभापति यादव को कहना है कि टिकट वितरण में नातावाद, पहुँच और व्यक्तिवाद हाबी हुआ है, इसीलिए वह अनशन में बैठे हैं । यादव ने कहा– ‘जनआन्दोलन और मधेश आन्दोलन में सहभागी अगुवा कार्यकर्ताओं को अनदेखा कर पहुँचवाले नेताओं को टिकट वितरण हो रहा है । हमारे ऊपर अन्याय हो रहा है ।’

यादव वि.सं. २०४८ साल से सद्भावना पार्टी में सक्रिय नेता हैं । स्थानीय निर्वाचन में वह राजविराज नगरपालिका में मेयर पद में उम्मीदवारी देना चाहते थे । लेकिन उस वक्त यादव को ‘प्रतिनिधिसभा और प्रदेशसभा निर्वाचन में अवसर देंगे’ कहते हुए राजपा शीर्ष नेतृत्व ने शम्भु यादव को टिकट दिया था । लेकिन उनकी आशंका है कि इस बार भी राजपा टिकट नहीं दे रही है । इसीलिए वह अनशन में बैठे हैं । यादव के साथ राजपा के ही कार्यकर्ता बद्रीनारायण यादव भी अनशन में बैठे हैं । अनशन स्थल गजेन्द्र चौक परिसर में है ।
स्मरणीय है, प्रतिनिधिसभा के लिए सप्तरी क्षेत्र नं. २ से संघीय समाजवादी फोरम के अध्यक्ष उपेन्द्र यादव, राजपा के उपाध्यक्ष द्वय शेखरप्रसाद सिंह और जयप्रकाश ठाकुर उम्मीदवारी देना चाहते हैं । प्रदेशसभा के लिए राजपा के महासचिव मनीष सुमन ने दावा किया है । इधर फोरम नेपाल से केन्द्रीय सदस्य शैलेन्द्र प्रसाद साह भी उम्मीदवारी देने की तैयारी में लगे हैं । इसके बादव लक्ष्मण यादव भी टिकट मांगते हुए अनशन में बैठे हैं ।

