भारत के प्रधानमन्त्री मोदी आज बनारस से करेंगे सदस्यता अभियान की शुरुआत, 2.5 करोड़ नए सदस्य बनाने का लक्ष्य
नई दिल्ली | भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आज अपने यहां राष्ट्रीय स्तर का सदस्यता अभियान चलाएगी। शनिवार को श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर ये अभियान चलाया जा रहा है। पीएम नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र बनारस से ये अभियान शुरू करेंगे। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तेलंगाना से इस अभियान को चलाएंगे।
मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘हमारी प्रेरणा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर बीजेपी का सदस्यता अभियान शुरू होगा. मैं इस अभियान में काशी में शामिल रहूंगा. यह अभियान समाज के सभी वर्ग के लोगों को बीजेपी परिवार से जोड़ेगा. यह अभियान हमारी पार्टी को मजबूत करेगा.’
बीजेपी 6 जुलाई से 11 अगस्त तक देशव्यापी सदस्यता अभियान चलाने जा रही है. वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस अभियान को शुरू करने के लिए आज अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी जाएंगे. इस अवसर पर पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे. दूसरी ओर, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज तेलंगाना में बीजेपी के सदस्यता अभियान की शुरुआत करेंगे और राज्य में पार्टी की रणनीति तैयार करने के लिए प्रदेश यूनिट के नेताओं के साथ बैठक करेंगे.
प्रधानमंत्री वाराणसी स्थित दीनदयाल उपाध्याय व्यापार सुविधा केंद्र में सदस्यता अभियान को शुरू करेंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे. इस मौके पर वह कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी करेंगे.


