Mon. Oct 19th, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

पाकिस्तान में भीषण ट्रेन दुर्घटना १४ की मौत कई घायल

 

लाहौर।

फाइल फोटो

 

पाकिस्तान के पूर्वी पंजाब प्रांत में तेज गति से आ रही एक यात्री ट्रेन ने गुरुवार को एक मालगाड़ी को टक्कर मार दी, जिससे कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई और 79 अन्य घायल हो गए। डॉन अखबार ने अधिकारियों के हवाले से बताया कि क्वेटा जाने वाली अकबर एक्सप्रेस ने पंजाब प्रांत के सादिकाबाद तहसील में वल्हर रेलवे स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी में टक्कर मारी।
मालगाड़ी रेलवे लाइन पर खड़ी थी जब तेज गति से आ रही यात्री ट्रेन मुख्य लाइन पर चलने के बजाय गलत ट्रैक पर चलने लगी। बचाव अधिकारियों ने डॉन न्यूज टीवी को बताया कि यात्री ट्रेन अकबर एक्सप्रेस की मालगाड़ी से टक्कर में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई जबकि 79 अन्य घायल हो गए।

यह भी पढें   सत्ता से सवाल या व्यवस्था में व्यवधान ? 

रहीम यार खान के उपायुक्त जमील अहमद जमील ने बताया कि क्वेटा जा रही ट्रेन में सवार सभी यात्रियों को बाहर निकाल लिया गया है और पटरी से अवरोध हटाने का काम चल रहा है। उन्होंने बताया कि ट्रेन में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए भारी उपकरणों का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने बताया कि यात्रियों को भोजन और पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तान सेना भी बचाव अभियान में भाग ले रही है। पुलिस ने बताया कि हादसे में अकबर एक्सप्रेस का इंजन पूरी तरह नष्ट हो गया और तीन बोगियां भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं। जियो न्यूज की खबर के अनुसार, घायलों को सादिकाबाद और रहीम यार खान के नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। वहां आपात स्थिति की घोषणा कर दी गई है।

यह भी पढें   गणतंत्र का विकल्प राजतंत्र नहीं, बल्कि उन्नत गणतंत्र है : रिजवान अंसारी

खबर में बताया कि ट्रेन से एक बच्चे और एक व्यक्ति को बचाया गया। अधिकारियों ने बताया कि उन्हें हादसे में और लोगों के मारे जाने की आशंका है। प्रधानमंत्री इमरान खान और राष्ट्रपति आरिफ अल्वी ने ट्रेन दुर्घटना में लोगों के मारे जाने पर दुख जताया।

रेलमंत्री शेख राशिद अहमद ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह मानवीय लापरवाही के कारण हुई दुर्घटना लग रही है। उन्होंने मृतक के परिवारों के लिए 15 लाख रुपए के मुआवजे और घायलों के लिए 5 लाख रुपए के मुआवजे की घोषणा की।

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com