तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान का कुख्यात आतंकी शेख खालिद हक्कानी मारा गया
पेशावर, प्रेट्र।
अफगानिस्तान में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) का कुख्यात आतंकी शेख खालिद हक्कानी सुरक्षा बलों के हाथों मारा गया है। पाकिस्तानी तालिबान ने खुद हक्कानी के मारे जाने की पुष्टि की है। 30 वर्ष के आसपास की उम्र के शेख खालिद हक्कानी को प्रतिबंधित टीटीपी के प्रमुख नेताओं में गिना जाता था। 31 जनवरी को काबुल के समीप अपने सहयोगी कारी सैफुल्लाह पेशावरी के साथ वह मारा गया।
हक्कानी ने लाल मस्जिद आपरेशन के बाद आतंकवाद की राह पकड़ ली थी
टीटीपी सूत्रों ने बताया कि अफगानिस्तान में एक अभियान के दौरान हक्कानी मार गिराया गया। हालांकि न तो अफगान और न ही पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने उसके मारे जाने की पुष्टि की है। हक्कानी ने 2007 में लाल मस्जिद आपरेशन के बाद आतंकवाद की राह पकड़ ली थी। मस्जिद से सशस्त्र आतंकियों को खदेड़ने के लिए आपरेशन चलाया गया था। जल्दी ही वह आतंकी संगठन के प्रमुख बैतुल्ला महसूद का भरोसेमंद बन गया था। 2009 में अमेरिकी ड्रोन हमले में बैतुल्ला मारा गया था।

