डॉक्टर हत्याकांड प्रकरण : मुख्य आरोपी संजय रॉय का किया जाएगा साइको-एनालिसिस टेस्ट
कोलकाता के आरजी कर अस्पताल में लेडी ट्रेनी डॉक्टर के साथ रेप और हत्या मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी संजय रॉय और हिरासत में लिए गए अन्य लोगों का साइको-एनालिसिस टेस्ट (Psychoanalysis Test) कराया जाएगा. सीबीआई मुख्यालय में तैनात एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस खबर को कंफर्म करते हुए बताया कि साइकोलॉजी विशेषज्ञ की टीम शनिवार को कोलकाता पहुंच गई है, जो इस मामले में जांचकर्ताओं के साथ तफ्तीश का दायरा आगे बढ़ाने में मदद करने वाली है.
इस मामले में जांच एजेंसी ने तफ्तीश के दौरान करीब 30 लोगों की पहचान की है, जिनके खिलाफ और उन लोगों से जुड़े अन्य कनेक्शन को खंगाला जा रहा है. इस दौरान जांच एजेंसी के अधिकारियों ने मृतक डॉक्टर के माता-पिता से मिलकर कई सवालों की फेहरिस्त तैयार की है, जिससे इस मामले की और बेहतर तरीके से जांच पड़ताल की जा सके.
इस मामले में आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष सहित अस्पताल के कई सदस्य, लेडी डॉक्टर के कई सहकर्मी और वारदात वाले दिन ड्यूटी पर तैनात कोलकाता पुलिस के जवानों और दूसरे निजी गार्ड से पूछताछ की जा रही है. शनिवार 17 अगस्त को ही सीबीआई की टीम दुष्कर्म और हत्या के आरोपी संजय रॉय के घर पहुंची और संजय राय की मां से विस्तार से कई सवालों के जवाब लिए.
सीबीआई से जुड़े सूत्र के मुताबिक किसी भी आरोपी का जब साइको-एनालिसिस टेस्ट होता है, तो उसकी प्रक्रिया में करीब तीन से साढ़े तीन घंटे का वक्त लगता है. इस प्रक्रिया के तहत आरोपी की साइकोलॉजी को जानने के लिए कई तरह का टेस्ट किया जाता है, जिससे कि उसकी आदतों और व्यवहार के साथ-साथ उसकी समझ को भी जानने और समझने का प्रयास किया जाता है.
इस टेस्ट के दौरान मनोचिकित्सक आरोपी से बेहद शांत तरीके से कई तरह के सवाल पूछते हैं, जिससे आरोपी के ज़हन में घूम रही बातों और उसकी आदतों को एक जवाब के तौर पर जानने का प्रयास किया जाता है. इस दौरान उसके गुनाहों से जुड़े कई सवालों को घुमा-फिराकर कई तरह के सवाल किए जाते हैं, जिससे कि गुनाह की असलियत को समझा जा सके.

