एनपीएल – सट्टेबाजी के आरोप में पाँच लोग गिरफ्तार
काठमांडू, मंसिर ५ : एनपीएल में ऑनलाइन सट्टेबाजी करने के आरोप में पाँच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है । नेपाल पुलिस के अनुसार, सट्टेबाजी के आरोप में दांग जिले के लमही नगरपालिका–५ स्थित रातोडाँडा के जस्मिन होटल एंड लॉज से पाँच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है । गिरफ्तार किए गए लोगों में एक नेपाली और चार भारतीय नागरिक हैं । प्रहरी ने बताया कि उक्त स्थान से सट्टेबाजी के कारोबार में इस्तेमाल किए जा रहे विभिन्न कंपनियों के दो डेस्कटॉप कंप्यूटर, तीन लैपटॉप और १३ मोबाइल फोन सहित कुल १८ इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी बरामद किए गए हैं ।
गिरफ्तार किए गए पाँचों लोगों को बरामद सामान के साथ आवश्यक अनुसंधान और कानूनी कारवाही के लिए दांग जिले के लमही स्थित वार्ड प्रहरी कार्यालय में रखा गया है ।

