Sun. Nov 29th, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

भारत–विरोध से आगे बढ़कर राष्ट्रीय हित और आर्थिक कूटनीति की ओर बढ़ता नेपाल : डॉ. श्वेता दीप्ति

 

डॉ श्वेता दीप्ति, हिमालिनी, अंक नवंबर।  नेपाल के अर्थमंत्री डॉ. स्वर्णिम वाग्ले द्वारा नई दिल्ली में आयोजित एनडीटीवी वर्ल्ड समिट में दिया गया यह वक्तव्य कि ‘नेपाल में भारत–विरोधी राष्ट्रवाद का युग समाप्त हो गया है’, इन दिनों नेपाल के राजनीतिक और बौद्धिक विमर्श में चर्चा का विषय बना हुआ है। उनके इस कथन को लेकर जहां कुछ लोगों ने इसे बदलते समय की आवश्यकता और व्यावहारिक कूटनीति का संकेत माना, वहीं कुछ राजनीतिक नेताओं और विश्लेषकों ने इसे नेपालको राष्ट्रीय स्वाभिमान तथा ऐतिहासिक चेतना के संदर्भ में अनुचित बताया।

दरअसल, इस बहस को केवल एक मंत्री के बयान के पक्ष या विपक्ष तक सीमित करके नहीं देखा जाना चाहिए। इसके भीतर नेपाल की ऐतिहासिक स्मृति, भौगोलिक विवशता, संप्रभुता, राजनीतिक सत्ता के चरित्र, भारत के साथ सदियों पुराने सामाजिक–सांस्कृतिक संबंधों और भविष्य की आर्थिक संभावनाओं से जुड़े अनेक प्रश्न समाहित हैं।

सबसे महत्वपूर्ण प्रश्न यह है कि क्या किसी देश का राष्ट्रवाद उसके पड़ोसी देश के विरोध पर आधारित होना चाहिए? क्या राष्ट्रीय स्वाभिमान की रक्षा का अर्थ पड़ोसी के प्रति अविश्वास बनाए रखना है? और क्या भारत के साथ सहयोग की बात करना नेपाल की स्वतंत्र पहचान को कमजोर करना है? इन प्रश्नों पर गंभीरता से विचार किए बिना इस बहस का निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा।

राष्ट्रवाद और देशभक्ति को एक ही अर्थ में इस्तेमाल करना भी इस बहस को उलझाता है। राष्ट्रवाद का संबंध राष्ट्रीय पहचान, संप्रभुता, सामूहिक चेतना और राज्य के हितों से है, जबकि देशभक्ति अपने देश और समाज के प्रति आत्मीयता, जिम्मेदारी और समर्पण की भावना है। स्वस्थ राष्ट्रवाद अपने देश के हितों की रक्षा करता है, लेकिन उसे किसी दूसरे देश के प्रति स्थायी घृणा का आधार बनाने की आवश्यकता नहीं होती।

नेपाल के संदर्भ में यह अंतर विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। क्योंकि नेपाल का राष्ट्रनिर्माण, उसकी स्वतंत्रता की ऐतिहासिक यात्रा और उसकी भौगोलिक स्थिति तीनों ही भारत तथा चीन जैसे विशाल पड़ोसियों के साथ उसके संबंधों से गहराई से जुड़े हुए हैं।

इतिहास में राष्ट्रवाद की जड़ें और भारत के साथ संबंधों की वास्तविकता

नेपाल के आधुनिक राष्ट्रनिर्माण की कहानी राजा पृथ्वीनारायण शाह के एकीकरण अभियान से जुड़ी हुई है। लगभग ढाई सौ वर्ष पहले गोरखा राज्य से शुरू हुआ यह अभियान आगे चलकर एक स्वतंत्र नेपाली राष्ट्र की स्थापना का आधार बना। पृथ्वीनारायण शाह के उत्तराधिकारियों और नेपाली सेनानायकों के प्रयासों से नेपाल की सीमाओं का विस्तार पूर्व में टिस्टा नदी से लेकर पश्चिम में सतलुज नदी तक हुआ था। अमरसिंह थापा, भक्ति थापा, बलभद्र कुँवर, दामोदर पांडे और भीमसेन थापा जैसे योद्धाओं ने इस ऐतिहासिक प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

लेकिन नेपाल का भौगोलिक स्थान हमेशा से उसकी विदेश नीति की सबसे बड़ी चुनौती रहा है। दक्षिण में ब्रिटिश भारत और उत्तर में तिब्बत के माध्यम से चीन जैसे विशाल पड़ोसियों के बीच स्थित नेपाल को अपनी स्वतंत्रता और संप्रभुता बनाए रखने के लिए अत्यंत सावधानीपूर्ण कूटनीति की आवश्यकता थी।

पृथ्वीनारायण शाह ने इसी वास्तविकता को समझते हुए नेपाल को दो बड़े पड़ोसियों के बीच स्थित एक तरुल (कंद) की संज्ञा दी थी। उनके दिव्योपदेश में चीन के साथ मैत्रीपूर्ण संबंध बनाए रखने और दक्षिण के अंग्रेज शासकों के साथ भी सावधानीपूर्वक व्यवहार करने की सलाह दी गई थी। उनका संदेश केवल भौगोलिक विवशता का वर्णन नहीं था, बल्कि नेपाल की स्वतंत्र विदेश नीति का एक महत्वपूर्ण आधार भी था।

उनकी विदेश नीति का मूल भाव यह था कि नेपाल को किसी एक पड़ोसी पर अनावश्यक निर्भरता नहीं रखनी चाहिए और अपनी स्वतंत्र पहचान तथा राष्ट्रीय हितों की रक्षा करते हुए दोनों पड़ोसियों के साथ संतुलित संबंध बनाए रखने चाहिए।

यही सिद्धांत आज भी नेपाल की विदेश नीति के लिए प्रासंगिक है। हालांकि समय बदल चुका है, ब्रिटिश साम्राज्य का स्थान स्वतंत्र भारत ने ले लिया है और चीन भी एक वैश्विक आर्थिक एवं राजनीतिक शक्ति के रूप में उभरा है, लेकिन नेपाल की भौगोलिक स्थिति नहीं बदली है।

नेपाल और ब्रिटिश भारत के बीच १९२३ की संधि ने नेपाल की स्वतंत्र संप्रभु स्थिति को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वीकार किए जाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके बावजूद सुरक्षा और हथियारों की आपूर्ति जैसे विषयों में ब्रिटिश प्रभाव बना रहा। स्वतंत्र भारत के साथ १९५० में हुई शांति एवं मैत्री संधि ने दोनों देशों के संबंधों को एक नया संस्थागत आधार दिया।

हालांकि, १९५० की संधि आज भी नेपाल में बहस का विषय है। संधि के कुछ प्रावधानों को नेपाल की संप्रभु समानता और स्वतंत्र निर्णय क्षमता के संदर्भ में विवादास्पद माना जाता रहा है। विशेषकर सुरक्षा संबंधी प्रावधान, दोनों देशों के नागरिकों को आर्थिक एवं सामाजिक गतिविधियों में दिए गए पारस्परिक अधिकार तथा विदेशी सहायता और निवेश से जुड़े विषयों पर समय–समय पर पुनर्विचार की मांग उठती रही है।

यहां एक महत्वपूर्ण बात समझने की है कि किसी संधि की समीक्षा की मांग करना किसी देश का विरोध करना नहीं है। अंतरराष्ट्रीय संबंधों में संधियां स्थायी धार्मिक ग्रंथ नहीं होतीं। बदलती आर्थिक, राजनीतिक और सामरिक परिस्थितियों के अनुरूप उनमें संशोधन की मांग करना प्रत्येक संप्रभु राष्ट्र का अधिकार है।

पंचायती राजनीति और भारत–विरोधी राष्ट्रवाद का निर्माण

नेपाल में भारत–विरोधी राष्ट्रवाद की राजनीतिक पृष्ठभूमि को समझने के लिए १९६० के राजनीतिक घटनाक्रम की चर्चा आवश्यक है।वि.सं. २०१७ में राजा महेन्द्र ने निर्वाचित बीपी कोइराला सरकार को अपदस्थ कर सत्ता अपने हाथ में ले ली। राजनीतिक दलों पर प्रतिबंध लगा दिया गया और बहुदलीय संसदीय व्यवस्था को समाप्त कर पंचायती शासन प्रणाली लागू की गई।

इस राजनीतिक परिवर्तन को वैधता प्रदान करने के लिए राष्ट्रवाद का व्यापक इस्तेमाल किया गया। तत्कालीन सत्ता प्रतिष्ठान ने यह धारणा विकसित करने का प्रयास किया कि नेपाल की स्वतंत्रता और राष्ट्रीय अस्तित्व के लिए एक मजबूत राजतंत्र आवश्यक है और बहुदलीय राजनीति देश की एकता के लिए खतरा पैदा कर सकती है।

उस समय नेपाली कांग्रेस और भारत के बीच राजनीतिक निकटता को आधार बनाकर कांग्रेस को भारतपरस्त बताने का प्रयास किया गया। भारत में निर्वासन के दौरान नेपाली कांग्रेस के नेताओं को राजनीतिक समर्थन और आश्रय मिला। दूसरी ओर, नेपाल की तत्कालीन सत्ता के समर्थक वर्गों में भारत के प्रति संदेह और विरोध की भावना को राजनीतिक रूप से प्रोत्साहित किया गया।

इस प्रक्रिया में भारत–विरोध को कई बार राष्ट्रभक्ति का पर्याय बना दिया गया। विशेषकर कुछ वामपंथी और राजतंत्र समर्थक राजनीतिक समूहों ने भारत को विस्तारवादी शक्ति के रूप में प्रस्तुत किया और स्वयं को राष्ट्रवाद का वास्तविक प्रतिनिधि बताने की कोशिश की।

यह भी पढें   सहसचिव पद पर पदोन्नति के लिए चार कर्मचारियों के नामों की सिफारिश

पंचायती व्यवस्था के दौरान राष्ट्रवाद को एक विशिष्ट सांस्कृतिक और राजनीतिक पहचान से जोड़ दिया गया। ‘एक भाषा, एक भेष, एक राजा और एक देश की अवधारणा’ के माध्यम से राष्ट्रीय एकता की व्याख्या की गई। इसका परिणाम यह हुआ कि नेपाल की बहुभाषिक, बहुजातीय और बहुसांस्कृतिक वास्तविकता को अपेक्षित स्थान नहीं मिल सका।

वि.सं. २०२४ में शुरू किया गया ‘गांव की ओर लौटें’ राष्ट्रीय अभियान और विद्यालयों में पंचायती व्यवस्था से संबंधित पाठ्यक्रम को बढ़ावा देना इसी राजनीतिक सोच के उदाहरण थे।

लेकिन क्या राष्ट्रवाद का अर्थ केवल किसी एक भाषा, संस्कृति या राजनीतिक व्यवस्था के प्रति निष्ठा है? क्या मधेश, जनजाति, दलित, महिला और विभिन्न भाषायी समुदायों की पहचान राष्ट्रीय पहचान से अलग हो सकती है?

निश्चित रूप से नहीं। आधुनिक राष्ट्रवाद का आधार विविधता को स्वीकार करना, नागरिकों को समान अधिकार देना और प्रत्येक व्यक्ति में अपने देश के प्रति समान अपनत्व पैदा करना होना चाहिए।

वि.सं. २०३६ के जनमत संग्रह और अंततः २०४६ के जनआंदोलन ने पंचायती व्यवस्था की सीमाओं को उजागर कर दिया। बहुदलीय लोकतंत्र की पुनर्स्थापना के बाद नेपाल की राजनीति में राष्ट्रवाद की परिभाषा भी धीरे–धीरे बदलने लगी। हालांकि भारत–विरोधी राजनीतिक भाषा पूरी तरह समाप्त नहीं हुई, लेकिन इसे सत्ता और राजनीतिक वैधता का अनिवार्य आधार बनाए रखने की आवश्यकता कमजोर पड़ती गई।

नेपाल–भारत संबंध : केवल राजनीति नहीं, सभ्यता और समाज का रिश्ता

नेपाल और भारत के संबंधों को केवल दो सरकारों के बीच के राजनयिक रिश्ते के रूप में नहीं देखा जा सकता। यह संबंध भूगोल, इतिहास, धर्म, संस्कृति, व्यापार, परिवार और जनस्तरीय संपर्क के अनेक सूत्रों से जुड़ा हुआ है।

नेपाल के पशुपतिनाथ, मुक्तिनाथ और लुंबिनी से लेकर भारत के काशी, गया, अयोध्या, हरिद्वार और चारधाम तक धार्मिक यात्राओं की एक लंबी परंपरा है। दोनों देशों के नागरिक सदियों से एक–दूसरे के धार्मिक स्थलों की यात्रा करते रहे हैं।

सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों के बीच विवाह संबंध, सामाजिक परंपराएं और सांस्कृतिक आदान–प्रदान सामान्य जीवन का हिस्सा हैं। इसी को आम बोलचाल में रोटी–बेटी का संबंध कहा जाता है।

खुली सीमा दोनों देशों के बीच जनसंपर्क को विशेष स्वरूप प्रदान करती है। लाखों नेपाली नागरिक रोजगार, शिक्षा और व्यापार के लिए भारत जाते हैं। इसी तरह भारतीय नागरिक भी नेपाल में व्यापार, पर्यटन और विभिन्न आर्थिक गतिविधियों में भाग लेते हैं।

आर्थिक संबंधों की दृष्टि से भी भारत नेपाल का अत्यंत महत्वपूर्ण साझेदार है। पेट्रोलियम पदार्थों, खाद्य सामग्री, औद्योगिक कच्चे माल और दैनिक उपभोग की अनेक वस्तुओं की आपूर्ति में भारत की प्रमुख भूमिका है। दूसरी ओर नेपाल के जलविद्युत निर्यात, पर्यटन, व्यापार और औद्योगिक विकास की संभावनाएं भी भारतीय बाजार से जुड़ी हुई हैं।

भारत के साथ नेपाल का व्यापारिक संबंध केवल आयात तक सीमित नहीं है। नेपाल की जलविद्युत परियोजनाओं से उत्पादित बिजली के निर्यात, सीमा पार प्रसारण लाइनों, सड़क और रेल संपर्क तथा औद्योगिक सहयोग के क्षेत्र में भी व्यापक संभावनाएं हैं।

नेपाल की आर्थिक प्रगति के लिए भारत का विशाल बाजार महत्वपूर्ण अवसर प्रदान कर सकता है। वहीं नेपाल की जलविद्युत क्षमता, प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन संसाधन भारत के लिए भी आर्थिक सहयोग के नए द्वार खोल सकते हैं।

इसलिए दोनों देशों के संबंधों को केवल अतीत के विवादों के चश्मे से देखना भविष्य की संभावनाओं को सीमित करना होगा।

राष्ट्रवाद और राष्ट्रीय हित : दोनों में अंतर समझना जरूरी

नेपाल की राजनीति में एक लंबे समय तक यह धारणा प्रचलित रही कि भारत के साथ निकटता दिखाना राष्ट्रीय स्वाभिमान के विरुद्ध है। लेकिन यह धारणा अपने आप में कई सवाल खड़े करती है।

क्या भारत के साथ आर्थिक सहयोग करना राष्ट्रवाद के विरुद्ध है? क्या भारतीय निवेश को प्रोत्साहित करना राष्ट्रीय हितों से समझौता है? क्या भारत के साथ बेहतर संबंधों की वकालत करने वाला व्यक्ति अपने देश की संप्रभुता के प्रति कम प्रतिबद्ध है?

इन सवालों का जवाब स्पष्ट है। किसी भी देश के साथ मैत्रीपूर्ण संबंध रखना और अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा करना एक–दूसरे के विरोधी नहीं हैं।

वास्तव में, परिपक्व राष्ट्रवाद वही है जो मित्रता और विरोध, दोनों के बीच राष्ट्रीय हितों को सर्वोपरि रखता है। यदि कोई पड़ोसी देश नेपाल के हितों के अनुकूल सहयोग करता है तो उसका स्वागत होना चाहिए और यदि उसके किसी कदम से नेपाल के हित प्रभावित होते हैं तो उसका विरोध भी उतनी ही स्पष्टता से होना चाहिए।

राष्ट्रीय स्वाभिमान का अर्थ हर परिस्थिति में विरोध करना नहीं, बल्कि अपने अधिकारों के प्रति सजग रहना है।

नेपाल और भारत के संबंधों में कई ऐसे प्रसंग हैं जिन पर गंभीर असहमति रही है। वर्ष १९५० की शांति एवं मैत्री संधि की समीक्षा का प्रश्न, कालापानी–लिपुलेख–लिम्पियाधुरा और सुस्ता के सीमा विवाद, कोशी तथा गंडक परियोजनाओं से संबंधित मुद्दे, सीमावर्ती क्षेत्रों में बाढ़ और डूबान की समस्या तथा व्यापार में बढ़ता असंतुलन इनमें प्रमुख हैं।

इन मुद्दों को उठाना नेपाल का अधिकार है। इन्हें भारत–विरोधी मानसिकता बताकर खारिज नहीं किया जा सकता। लेकिन यह भी उतना ही आवश्यक है कि इन समस्याओं का समाधान तथ्यों, ऐतिहासिक दस्तावेजों, अंतरराष्ट्रीय कानून और कूटनीतिक वार्ता के आधार पर तलाशा जाए।

सड़क पर नारे लगाने से सीमा विवाद समाप्त नहीं होते। राजनीतिक भाषणों से व्यापार घाटा कम नहीं होता और भावनात्मक नारों से सीमावर्ती क्षेत्रों में डूबान की समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकलता।

इनके लिए मजबूत राष्ट्रीय सहमति, ठोस प्रमाण और निरंतर कूटनीतिक प्रयासों की आवश्यकता है।

१९९० के बाद बदली राजनीतिक परिस्थितियां

वि.सं. २०४६ के जनआंदोलन के बाद नेपाल में बहुदलीय लोकतंत्र की पुनर्स्थापना ने राजनीतिक विमर्श को नया आयाम दिया। इसके बाद वि.सं. २०६२–६३ के जनआंदोलन, राजतंत्र का अंत, गणतंत्र की स्थापना और संघीय लोकतांत्रिक व्यवस्था के विकास ने नेपाल की राष्ट्रीय पहचान को और व्यापक बनाया।

अब नेपाल की राष्ट्रीयता केवल राजतंत्र या किसी एक राजनीतिक विचारधारा से निर्धारित नहीं होती। संविधान ने देश को बहुजातीय, बहुभाषिक, बहुधार्मिक, बहुसांस्कृतिक और विविधतायुक्त राष्ट्र के रूप में स्वीकार किया है। इसके बावजूद राजनीतिक संकटों के समय राष्ट्रवाद को भावनात्मक मुद्दा बनाकर इस्तेमाल करने की प्रवृत्ति पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है।

यह भी पढें   निर्धारित समय–सीमा के भीतर दुकानें नहीं हटाने पर कारवाही की जाएगी – लुम्बिनी विकास कोष

कभी सीमा विवाद, कभी नागरिकता, कभी विदेशी हस्तक्षेप और कभी किसी अंतरराष्ट्रीय शक्ति के साथ संबंधों को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी–अपनी सुविधानुसार राष्ट्रवाद की व्याख्या की है।

यहां एक अंतर समझना आवश्यक है। भारत के किसी कदम का विरोध करना अपने आप में भारत–विरोधी राष्ट्रवाद नहीं है। उसी तरह भारत के साथ सहयोग का समर्थन करना अपने आप में भारतपरस्त होना नहीं है।

समस्या तब उत्पन्न होती है जब राष्ट्रीय हितों की जगह राजनीतिक दलों के तात्कालिक हित ले लेते हैं और जनता की भावनाओं को सत्ता प्राप्ति का माध्यम बना दिया जाता है।

इस दृष्टि से कहा जा सकता है कि नेपाल में भारत–विरोधी राजनीतिक विमर्श का प्रभाव पहले की तुलना में बदला है, लेकिन उसके सभी अवशेष समाप्त हो गए हैं, ऐसा दावा करना भी वास्तविकता का सरलीकरण होगा।

स्वर्णिम वाग्ले के बयान पर विवाद : दोनों पक्षों को समझना होगा

अर्थमंत्री डॉ. स्वर्णिम वाग्ले का एनडीटीवी वर्ल्ड समिट में दिया गया बयान इसी ऐतिहासिक और राजनीतिक संदर्भ में समझा जाना चाहिए।

उन्होंने कहा था कि एक समय नेपाल में राष्ट्रवाद को भारत–विरोधी भावना से जोड़कर देखा जाता था, लेकिन अब वह दौर समाप्त हो चुका है। उन्होंने नेपाल और भारत के संबंधों को अत्यंत गहरा बताते हुए कहा कि दोनों देश भौगोलिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक रूप से एक–दूसरे से जुड़े हैं।

उनका जोर इस बात पर था कि नई पीढ़ी की प्राथमिकताएं बदल रही हैं। आज के युवाओं की आकांक्षाएं बेहतर रोजगार, आर्थिक समृद्धि, सुशासन, निवेश और पड़ोसी देशों के साथ अच्छे संबंधों से जुड़ी हैं। उन्होंने यूरोपीय संघ के उदाहरण का उल्लेख करते हुए क्षेत्रीय आर्थिक एकीकरण और वस्तुओं, पूंजी तथा लोगों की आवाजाही को सुगम बनाने की आवश्यकता पर भी बल दिया था।

वाग्ले के इस वक्तव्य के पीछे एक आर्थिक सोच भी दिखाई देती है। नेपाल लंबे समय से व्यापार घाटे, सीमित औद्योगिक उत्पादन, बेरोजगारी और विदेशी रोजगार पर निर्भरता जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। ऐसे में पड़ोसी देशों के साथ आर्थिक संपर्क मजबूत करना विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण हो सकता है।

दूसरी ओर, पूर्व विदेशमंत्री प्रदीप ज्ञवाली ने उनके बयान की आलोचना करते हुए इसे गैर–कूटनीतिक और नेपाल के राष्ट्रीय सम्मान तथा हितों के लिए अनुपयुक्त बताया। उनका तर्क था कि नेपाल ने हमेशा संप्रभु समानता, पारस्परिक सम्मान और अपने राष्ट्रीय हितों के आधार पर भारत के साथ संबंध बनाए रखने की नीति अपनाई है। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों देशों के बीच सीमा विवाद, १९५० की संधि, व्यापार असंतुलन और सीमावर्ती क्षेत्रों की डूबान जैसी समस्याएं अभी भी मौजूद हैं। इन मुद्दों को नजरअंदाज करके संबंधों को मजबूत नहीं बनाया जा सकता।

ज्ञवाली की आपत्ति का एक महत्वपूर्ण पक्ष यह भी है कि किसी विशेष राजनीतिक समूह की भारत–विरोधी गतिविधियों को पूरे नेपाली राष्ट्रवाद की पहचान नहीं बनाया जा सकता।

इस तर्क में विचार करने योग्य बात है। नेपाल का राष्ट्रवाद केवल किसी एक कालखंड, राजनीतिक दल या विचारधारा की संपत्ति नहीं है। इसलिए किसी ऐतिहासिक राजनीतिक प्रवृत्ति की आलोचना करते समय पूरे राष्ट्रीय आंदोलन और राष्ट्रीय चेतना को उसी के साथ जोड़ देना उचित नहीं होगा।

लेकिन वाग्ले के बयान का दूसरा पक्ष भी महत्वपूर्ण है। यदि अतीत में राजनीतिक दलों ने भारत–विरोधी भावनाओं का इस्तेमाल अपने राजनीतिक हितों के लिए किया है तो उस प्रवृत्ति से बाहर निकलने की आवश्यकता को नकारा भी नहीं जा सकता।

अतः इस बहस को किसी एक पक्ष की जीत या हार के रूप में देखने के बजाय इसे नेपाल की विदेश नीति और राष्ट्रीय पहचान के पुनर्मूल्यांकन के अवसर के रूप में लेना अधिक उपयोगी होगा।

क्या भारत के साथ आर्थिक सहयोग नेपाल की नई प्राथमिकता बन सकता है?

नेपाल की आर्थिक वास्तविकता को देखें तो भारत के साथ संबंधों को नए सिरे से परिभाषित करने की आवश्यकता स्पष्ट दिखाई देती है। नेपाल की अर्थव्यवस्था अभी भी आयात पर अत्यधिक निर्भर है। औद्योगिक उत्पादन सीमित है, निर्यात में विविधता की कमी है और बड़ी संख्या में युवा रोजगार के लिए विदेशों की ओर पलायन कर रहे हैं।

ऐसी स्थिति में भारत के विशाल बाजार तक नेपाल की पहुंच बढ़ाना, नेपाली उत्पादों के निर्यात को सुगम बनाना, औद्योगिक निवेश आकर्षित करना और जलविद्युत व्यापार को विस्तार देना अत्यंत आवश्यक है।

नेपाल की जलविद्युत क्षमता उसकी सबसे बड़ी आर्थिक संभावनाओं में से एक है। यदि दोनों देशों के बीच बिजली उत्पादन, प्रसारण और व्यापार के क्षेत्र में स्थिर एवं दीर्घकालीन समझौते विकसित होते हैं तो नेपाल अपनी ऊर्जा क्षमता को आर्थिक समृद्धि में बदल सकता है।

इसी प्रकार पर्यटन क्षेत्र में भी व्यापक संभावनाएं हैं। भारतीय पर्यटकों के लिए नेपाल एक महत्वपूर्ण पर्यटन गंतव्य है। धार्मिक पर्यटन, पर्वतीय पर्यटन, साहसिक पर्यटन और प्राकृतिक सौंदर्य के क्षेत्र में नेपाल अपनी पहचान को और मजबूत कर सकता है।

सीमा पार रेल संपर्क, सड़क नेटवर्क, एकीकृत जांच चौकियां, पारगमन सुविधाएं और हवाई संपर्क का विस्तार दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को नई दिशा दे सकता है।

अर्थमंत्री वाग्ले ने भी भारत के साथ व्यापार, संपर्क, ऊर्जा और आर्थिक एकीकरण को नई प्राथमिकताओं के रूप में प्रस्तुत किया है। इससे पहले सितंबर २०२६ में दिए गए उनके एक साक्षात्कार में भी भारत के साथ व्यापार संधि को अद्यतन करने, कनेक्टिविटी बढ़ाने और विवादित मुद्दों को रचनात्मक ढंग से सुलझाने पर जोर दिया गया था।

लेकिन आर्थिक सहयोग का अर्थ यह नहीं होना चाहिए कि नेपाल अपनी आर्थिक निर्भरता को और बढ़ाए। वास्तविक आर्थिक कूटनीति का लक्ष्य ऐसा सहयोग होना चाहिए जिससे नेपाल की उत्पादन क्षमता बढ़े, स्थानीय उद्योग विकसित हों, रोजगार पैदा हो और निर्यात में विविधता आए।

भारत के साथ अच्छे संबंध नेपाल के विकास में सहायक हो सकते हैं, लेकिन नेपाल को अपनी आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में भी निरंतर काम करना होगा।

चीन और भारत के बीच संतुलन : स्वतंत्र विदेश नीति की कसौटी

नेपाल की विदेश नीति का एक महत्वपूर्ण पक्ष चीन के साथ उसके संबंध भी हैं। भारत और चीन दोनों नेपाल के महत्वपूर्ण पड़ोसी हैं। दोनों के साथ सहयोग नेपाल के आर्थिक और रणनीतिक हितों के लिए महत्वपूर्ण है।

नेपाल को किसी एक देश के प्रभाव क्षेत्र में जाने के बजाय अपनी स्वतंत्र विदेश नीति बनाए रखनी चाहिए। चीन के साथ व्यापार, पर्यटन, निवेश और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में सहयोग करना जितना आवश्यक है, उतना ही भारत के साथ आर्थिक, सांस्कृतिक और सुरक्षा संबंधों को मजबूत बनाए रखना भी आवश्यक है।

यह भी पढें   प्रधानमंत्री शाह की भारत यात्रा : नेपाल–भारत संबंधों में नए अध्याय की तलाश : श्वेता दीप्ति

लेकिन संतुलन का अर्थ केवल दोनों देशों के साथ समान दूरी बनाए रखना नहीं है। इसका अर्थ है प्रत्येक विषय पर नेपाल के राष्ट्रीय हित के अनुसार निर्णय लेना।

नेपाल की भौगोलिक स्थिति उसे क्षेत्रीय सहयोग का एक महत्वपूर्ण केंद्र बना सकती है। यदि वह अपनी नीतियों में निरंतरता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखता है तो भारत और चीन दोनों के साथ रचनात्मक संबंध विकसित कर सकता है।

इसके लिए आवश्यक है कि विदेश नीति को घरेलू राजनीतिक प्रतिस्पर्धा का हथियार न बनाया जाए। सरकार बदलने के साथ राष्ट्रीय विदेश नीति की मूल दिशा में अनावश्यक उतार–चढ़ाव नहीं होना चाहिए।

नई पीढ़ी का राष्ट्रवाद : रोजगार, सुशासन और समृद्धि

आज नेपाल की युवा पीढ़ी के सामने सबसे बड़ा प्रश्न यह नहीं है कि कौन–सा राजनीतिक दल भारत के पक्ष में है और कौन उसके विरोध में, बल्कि यह है कि देश में रोजगार के अवसर कब पैदा होंगे, शिक्षा की गुणवत्ता कब सुधरेगी, भ्रष्टाचार पर कब नियंत्रण होगा और युवाओं को अपने ही देश में सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर कब मिलेगा।

यही वह परिवर्तन है जिसे नई पीढ़ी की राजनीतिक आकांक्षाओं के रूप में समझना चाहिए। राष्ट्रवाद का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक होगा जब देश का युवा अपने भविष्य को लेकर आश्वस्त हो। जब किसान को अपनी उपज का उचित मूल्य मिले, जब श्रमिक को सम्मानजनक रोजगार मिले, जब उद्योगपति को निवेश के लिए अनुकूल वातावरण मिले, जब महिलाओं को समान अवसर प्राप्त हों और जब नागरिकों को न्याय तथा सुशासन का भरोसा हो।

यदि देश का शिक्षित युवा रोजगार की तलाश में विदेश जाने को मजबूर है, यदि किसान अपनी उपज का बाजार नहीं तलाश पाता और यदि देश का उद्योग आयात पर निर्भर होकर कमजोर होता जा रहा है, तो केवल राष्ट्रवादी भाषणों से राष्ट्रीय गौरव की अनुभूति पैदा नहीं की जा सकती।

राष्ट्रवाद को आर्थिक समृद्धि, सामाजिक न्याय, सुशासन और नागरिक अधिकारों से जोड़ना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

इस संदर्भ में रवीन्द्रनाथ ठाकुर के राष्ट्रवाद संबंधी विचारों की चर्चा भी प्रासंगिक है। उन्होंने संकीर्ण राष्ट्रवादी अहंकार और मानवता के व्यापक मूल्यों के बीच अंतर स्पष्ट किया था। उनका चिंतन हमें यह समझने में सहायता करता है कि देशप्रेम को दूसरे समाजों के प्रति घृणा में बदल देना उचित नहीं है।

कूटनीति में भाषा और मंच का महत्व

वाग्ले के बयान पर उठे विवाद का एक पक्ष ऐसा भी है जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। किसी देश का मंत्री जब विदेश की धरती पर अपने देश की विदेश नीति और राष्ट्रीय भावना से जुड़े संवेदनशील विषयों पर बोलता है तो उसके शब्दों का अर्थ केवल व्यक्तिगत विचार तक सीमित नहीं रहता।

उसका प्रत्येक वक्तव्य सरकार की आधिकारिक सोच के रूप में देखा जा सकता है। इसलिए कूटनीति में भाषा का चयन अत्यंत सावधानी से होना चाहिए।

वाग्ले का उद्देश्य भारत के साथ संबंधों में नई शुरुआत और आर्थिक सहयोग को प्राथमिकता देना रहा होगा। लेकिन भारत–विरोधी राष्ट्रवाद का युग समाप्त होने जैसी अभिव्यक्ति से यह अर्थ भी निकाला जा सकता है कि नेपाल में पहले राष्ट्रीयता की भावना ही भारत–विरोध पर आधारित थी। जबकि वास्तविकता इससे कहीं अधिक व्यापक है। नेपाल का स्वतंत्रता आंदोलन, लोकतांत्रिक संघर्ष, राजतंत्र के विरुद्ध जनआंदोलन और संप्रभुता की रक्षा के प्रयास किसी एक पड़ोसी के विरोध तक सीमित नहीं रहे हैं।

इसलिए अधिक स्पष्ट और संतुलित अभिव्यक्ति यह हो सकती थी कि नेपाल अब अपनी राष्ट्रीय पहचान को किसी दूसरे देश के विरोध से नहीं, बल्कि अपने राष्ट्रीय हितों, आर्थिक विकास और स्वतंत्र विदेश नीति के आधार पर आगे बढ़ाना चाहता है। इससे वाग्ले के मूल संदेश की भावना भी सुरक्षित रहती और राष्ट्रीय स्वाभिमान को लेकर अनावश्यक विवाद की गुंजाइश भी कम होती।

विरोध की राजनीति नहीं, सम्मान और समानता पर आधारित संबंध

नेपाल और भारत के संबंधों को समझने के लिए इतिहास को भूलना नहीं चाहिए, लेकिन इतिहास के बोझ तले भविष्य को दबाना भी उचित नहीं है। दोनों देशों के बीच कुछ ऐसे मुद्दे हैं जिनका समाधान अभी बाकी है। सीमा विवाद, १९५० की संधि की समीक्षा, व्यापार असंतुलन, सीमावर्ती डूबान और जल संसाधनों के न्यायसंगत उपयोग जैसे विषयों पर नेपाल को अपनी बात दृढ़ता से रखनी चाहिए। भारत को भी नेपाल की संप्रभुता, संवेदनशीलता और राष्ट्रीय हितों के प्रति समान सम्मान प्रदर्शित करना चाहिए।

मित्रता का अर्थ मौन स्वीकृति नहीं होता। सच्ची मित्रता में असहमति के लिए भी स्थान होता है। भारत और नेपाल के संबंधों को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक है कि दोनों देश एक–दूसरे की चिंताओं को समझें और विवादों को संवाद के माध्यम से सुलझाने की ईमानदार कोशिश करें।

नेपाल को यह भी समझना होगा कि उसकी स्वतंत्रता और राष्ट्रीय पहचान किसी पड़ोसी के विरोध से निर्धारित नहीं होती। उसकी पहचान उसकी ऐतिहासिक विरासत, स्वतंत्र राजनीतिक अस्तित्व, सांस्कृतिक विविधता, लोकतांत्रिक चेतना और नागरिकों की आकांक्षाओं से निर्मित होती है।

आज आवश्यकता ऐसे राष्ट्रवाद की है जो नेपाल को भीतर से मजबूत बनाए, न कि उसे किसी दूसरे देश के विरुद्ध खड़ा करके अपनी राजनीतिक प्रासंगिकता तलाशे। भारत के साथ संबंधों में आत्मसम्मान भी होना चाहिए और सहयोग की भावना भी। राष्ट्रीय हितों की रक्षा भी होनी चाहिए और आर्थिक विकास के अवसरों का उपयोग भी।

अर्थमंत्री स्वर्णिम वाग्ले के बयान पर सहमति या असहमति अपनी जगह है, लेकिन इस बहस ने नेपाल के सामने एक महत्वपूर्ण प्रश्न अवश्य खड़ा कर दिया है– क्या हम अपने राष्ट्रवाद को अतीत के राजनीतिक आग्रहों से मुक्त करके भविष्य की आर्थिक और सामाजिक आकांक्षाओं से जोड़ने के लिए तैयार हैं?

इस प्रश्न का उत्तर किसी एक मंत्री, राजनीतिक दल या सरकार को नहीं, बल्कि पूरे नेपाली समाज को देना है। क्योंकि सच्चा राष्ट्रवाद किसी दूसरे देश के प्रति घृणा से नहीं, अपने देश को इतना सक्षम, समृद्ध और आत्मसम्मानी बनाने से पैदा होता है कि दुनिया उसका सम्मान करे।

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com