भारत में घुसपैठ को तैयार ढाई हजार पाक आतंकी
नई दिल्ली। भारत-पाकिस्तान सीमा पर जबर्दस्त तनाव के बीच पाक अधिकृत कश्मीर के विभिन्न आतंकी शिविरों में 2500 आतंकी भारत में घुसने की ताक में बैठे हैं। गृह मंत्रालय की सूत्रों के मुताबिक खुफिया रिपोर्ट में कहा गया है कि सीमा पार 42 आतंकी शिविर सक्रिय हैं। इनमें 17 पाक अधिकृत कश्मीर में और बाकी 25 अन्य जगहों पर स्थित हैं। इन शिविरों में ढाई हजार प्रशिक्षित आतंकी गोला-बारूद और हथियार के साथ भारत में प्रवेश करने के लिए तैयार बैठे हैं।
इससेपहले 90 पाकिस्तानी आतंकी इस साल भारत-पाक सीमा के रास्ते भारत पहुंच चुके हैं। वहीं 125 आतंकी जम्मू-कश्मीर सीमा पर भारत में घुसपैठ करते समय पकड़े गए। बताया गया है कि हर साल पाकिस्तान की तरफ से आने वाले आतंकियों की संख्या में बढोतरी हो रही है। 2011 में जहां 63 आतंकी भारत में प्रवेश करने में सफल रहे वहीं इस साल इनकी संख्या 90 तक पहुंच गई है। इसी के मद्देनजर गृह मंत्रालय ने सुरक्षा एजेंसियों को बॉर्डर पर चौकसी बढ़ाने का निर्देश दिया है। हालांकि इसके बावजूद 2010 में 94 और 2009 में 69 आतंकी बॉर्डर के रास्ते भारत प्रवेश कर चुके हैं। इस साल भारत में आतंकी के घुसपैठ करने की कुल 249 कोशिशें हो चुकी है, जो पिछले साल 247 थीं। वहीं 2010 में 489, 2009 में 485, 2008 में 342 और 2007 में 535 घुसपैठ की कोशिशें हो चुकी है। सूत्रों के मुताबिक यह घुसपैठ पाकिस्तीनी आर्मी की मदद से ही संभव हो सका है क्योंकि अक्सर आर्मी ही इन मुजाहिदीनों को फायरिंग कवर मुहैया कराता है।

