जापानी हाईटेक मशीनों से किया जा रहा है दिल्ली के रेड और ऑरेंज जोन का सैनिटाइजेशन

दिल्ली सरकार ने कोरोना वायरस के संक्रमण के लिहाज से रेड और ऑरेंज जोन का सैनिटाइजेशन सोमवार को शुरू किया है। राजेंद्रनगर से शुरू की गई मुहिम में सरकार ने जापानी हाईटेक मशीनों का सहारा लिया है। इस तरह की दस मशीनें पीआई इंडस्ट्रीज ने दिल्ली सरकार को दी हैं।
एक मशीन हर घंटे करीब 20 हजार वर्ग मीटर इलाके का सैनिटाइजेशन करेगी। इससें सरकार दिन भर में बड़े पैमाने पर अलग-अलग इलाकों को सैनिटाइज कर सकेगी।
अधिकारियों का कहना है कि दिल्ली सरकार ने इसके साथ ही दिल्ली जल बोर्ड की 50 मशीनों को भी सैनिटाइजेशन के काम में लगाया है। सोमवार सुबह से 60 मशीनों के जरिए दिल्ली के रेड जोन और हाई रिस्क जोन का सैनिटाइजेशन किया जा रहा है। वायरस के संक्रमण का खतरा रहने तक अभियान जारी रहेगा।
गौरतलब है कि दिल्ली सरकार ने उन इलाकों को रेड जोन के तौर पर चिन्हित किया है, जिन्हें कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों के मिलने के बाद सील किया गया है। जबकि संक्रमण के नजरिए से संवेदनशील व इनसे जुड़े इलाकों की पहचान ऑरेंज जोन के तौर पर की गई है।

