बेरूत में हुए भीषण बम धमाके में 73 से अधिक लोग मारे गए और करीब चार हजार घायल
बेरूत, एजेंसियां।
लेबनान की राजधानी बेरूत में हाल के वर्षो का सबसे भीषण बम धमाके में 73 से अधिक लोग मारे गए जबकि चार हजार के करीब लोग घायल हो गए। यह जानकारी वहां के स्वास्थ्य मंत्री ने दी। आशंका है कि मरने वालों की संख्या सैकड़ों में हो सकती है। अभी भी भारी तादाद में लोग मलबे में दबे हैं। स्थानीय रेडक्रास अधिकारी ने सैकड़ों के मारे जाने की आशंका जताई है। इजरायल ने धमाके में अपना हाथ होने से इन्कार किया है।
धमाका इतना तेज था कि दूर-दूर तक की इमारतों में लगे शीशे टूट गए और आसपास की इमारतों की बालकनी धराशाई हो गईं। धमाके की आवाज कई मील दूर तक सुनी गई। लोगों ने समझा कि भूकंप आ गया है और वे बेतहाशा भागने लगे। लेकिन जब स्थिति की जानकारी मिली तो लोग अपनों की तलाश में विस्फोट स्थल की ओर भागे। कुछ ही देर में घटनास्थल के आसपास हजारों लोगों की भीड़ लग गई। ऐसे में घायलों तक पहुंचने और वहां से घायलों को अस्पताल पहुंचाने के कार्य में लगी एंबुलेंस को कठिनाई का सामना करना पड़ा।जहां पर विस्फोट हुआ है, वह बंदरगाह के नजदीक का इलाका है और वहां पर कंपनियों के गोदाम हैं। सूत्रों ने किसी केमिकल के गोदाम में विस्फोट होने की भी आशंका जताई है। जांच कार्य शुरू हो गया है। विस्फोट के बाद के हालात के फुटेज स्थानीय लोग सोशल मीडिया पर डाल रहे हैं। कई घायलों की हृदय विदारक स्थिति है।

