दुनिया के सबसे बड़े मोटेरा क्रिकेट स्टेडियम में पहली बार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच का आयोजन

भारत और इंग्लैंड के बीच चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में दूसरे टेस्ट मैच का खेला जारी है। लेकिन तीसरे टेस्ट की मेजबानी के लिए गुजरात का नया स्टेडियम भी अपनी तैयारियों में जुटा हुआ है। अहमदाबाद में एक लाख 10 हजार लोगों के बैठने की क्षमता वाले दुनिया के सबसे बड़े मोटेरा क्रिकेट स्टेडियम में पहली बार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच का आयोजन होने जा रहा है।
गुजरात क्रिकेट संघ के तहत आने वाले इस स्टेडियम को आधुनिक सुविधाओं के साथ नए तरीके से तैयार किया गया है और छह साल बाद अब एक बार फिर से ये अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की मेजबानी के लिए तैयार है। यहां भारत और इंग्लैंड के बीच डे-नाईट टेस्ट के साथ सीरीज के आखिरी दो मुकाबले और पांच टी-20 मैच भी खेले जाएंगे।
भारत और इंग्लैंड के बीच 24 फरवरी से यहां तीसरा टेस्ट मैच शुरू होगा, जिसके लिए रविवार से टिकट की बिक्री भी चालू हो गई। हालांकि कोरोना महामारी की वजह से लगी पाबंदियों की वजह से सिर्फ 50 प्रतिशत दर्शकों को ही टिकट मिलेगी।

