अमेरिका ने जान्सन एण्ड जान्सन के एक डोज वाले वैक्सिन काे आपातकालीन मंजूरी दी
अमेरिका में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने कोरोना वायरस से निजात दिलाने के लिए जॉनसन ऐंड जॉनसन वैक्सीन को आपात स्थिति में इस्तेमाल की मंजूरी दी है। अब अमेरिका में कोरोना से जंग के लिए तीन वैक्सीन का इस्तेमाल किया जा सकता है। इस वैक्सीन की खासियत है कि यह सिंगल डोज वैक्सीन है, जबकि अभी तक जिन वैक्सीन को मंजूरी मिली है उनकी दो खुराकें लेना जरूरी है।
एफडीए ने शनिवार को कहा, ‘आज खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने कोरोना वायरस (कोविड-19) की रोकथाम के लिए तीसरे टीके के आपातकालीन इस्तेमाल को मंजूरी दे दी। जॉनसन एंड जॉनसन की जॉनसेन कोविड -19 वैक्सीन को 18 साल और उससे अधिक उम्र के व्यक्तियों में इस्तेमाल के लिए वितरित किया जा सकता है।’
बता दें कि वैक्सीन एवं संबंधित जैविक उत्पाद सलाहकार समिति ने शुक्रवार को लाइव स्ट्रीम इवेंट के दौरान सर्वसम्मति से मतदान कर जॉनसन ऐंड जॉनसन की वैक्सीन का इस्तेमाल करने के लिए मंजूरी प्रदान करने की सिफारिश की थी। जॉनसन ऐंड जॉनसन की वैक्सीन अमेरिका में फाइजर/ बायोएनटेक और मॉडर्ना के बाद अधिकृत होने वाली तीसरी वैक्सीन है।

