अमेरिका में तालिबानी को आतंकवादी संगठन करार करने की उठी मांग

वाशिंगटन, एएनआइ। अमेरिका में तालिबान के खिलाफ आवाजें उठ रहीं हैं। इस क्रम में यहां के चार सांसदों ने एकसाथ मिलकर विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन को पत्र लिखा है। इसमें अपील की गई है कि तालिबान को विदेशी आतंकी संगठन करार दिया जाए। सांसदों ने कहा कि अमेरिका के खिलाफ तालिबानी गतिविधियों से यह बात सामने है कि यह अमेरिकियों और अमेरिकी हितों के खिलाफ काम करता है।
ये चार सांसद हैं रिक स्काट (Rick Scott), डैन सलवन (Dan Sullvan), टामी ट्यूबरविले (Tommy TuberVille) और और जानी के अनर्स्ट (Joni K Ernst)।
हाल में ही विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने कहा था कि उनका विभाग काबुल से अतिरिक्त चार्टर उड़ानों की व्यवस्था के लिए तालिबान के साथ काम कर रहा है ताकि वे लोग अफगानिस्तान से निकल सकें जो अमेरिका की सैन्य वापसी के बाद देश छोड़ना चाह रहे हैं। कतर के शीर्ष राजनयिकों और रक्षा अधिकारियों के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में ब्लिंकन ने कहा था कि अफगानिस्तान की राजधानी से अतिरिक्त चार्टर उड़ानों के बंदोबस्त के लिए अमेरिका पिछले कुछ समय से तालिबान के साथ संपर्क में है।

