सेनाध्यक्ष शर्मा भारत भ्रमण की तैयारी में, मंगलवार को हो रहे हैं रवाना
काठमांडू, ८ नवम्बर । नेपाली सेना के सेनाध्यक्ष प्रभुराम शर्मा भारत की आधिकारिक यात्रा के लिए मंगलवार को नई दिल्ली के लिए रवाना होने वाले हैं । वह भारतीय सेना प्रमुख एमएम नरवणे के निमंत्रण पर कार्तिक २३ से २६ तक भारत दौरे पर जा रहे हैं । सेना की एक टुकड़ी ने सोमवार भारत भ्रमण के लिए शर्मा को बिदाई सम्मान दे दिया है ।
यात्रा के अवसर परसेनाध्यक्ष शर्मा को भारत के राष्ट्रपति द्वारा भारतीय सेना के मानार्थ महारथी की उपाधि से सम्मानित किया जा रहा है । सैन्य जनसंपर्क एवं सूचना निदेशालय के अनुसार बुधवार को उन्हें सम्मानित करने का कार्यक्रम है । नेपाल और भारत में एक–दूसरे के देशों के सेनाध्यक्षों को मानार्थ महारथी का दर्जा देने की परंपरा रही है । अभिलेखों के अनुसार, नेपाल के सेनाध्यक्ष सुरेंद्र बहादुर शाह को पहली बार वि.सं. २०२६ में भारतीय सेना के मानार्थ महारथी की उपाधि से सम्मानित किया गया था । नई दिल्ली की अपनी यात्रा के दौरान, सेनाध्यक्ष शर्मा अपने समकक्ष जनरल नरवणे और अन्य उच्च पदस्थ भारतीय सेना के अधिकारियों के साथ बातचीत करेंगे ।

