नेपाल-भारत सीमा पर तैनात एसएसबी जवानों ने तीन हजार बोतल नेपाली देसी शराब जब्त किया
मधुबनी- नेपाल-भारत सीमा पर तैनात एसएसबी 48वीं वाहिनी पिपरौन कैंप के जवानों ने तीन हजार बोतल नेपाली देसी शराब के साथ दो वाहन को जब्त किया है। जब्त वाहनों में एक चारपहिया व एक बाइक शामिल है। हालांकि, धंधेबाज कुहासे व अंधेरे का फायदा उठाकर वापस नेपाल की ओर भागने में सफल रहे। जानकारी के मुताबिक, कुछ धंधेबाज नेपाल से बाइक पर शराब लेकर बॉर्डर पिलर संख्या 287/21 के रास्ते भारतीय क्षेत्र में लगे चारपहिया वाहन में लोड कर रहा था। इसकी गुप्त सूचना कंपनी इंचार्ज इंस्पेक्टर मिथलेश कुमार को मिली।
सूचना मिलते ही इंचार्ज ने हेड कांस्टेबल संजीव कुमार सिंह, श्रीकांत ङ्क्षसह देव, दिलीप कुमार मिश्रा, प्रवीण कुमार पांडेय कांस्टेबल शिव कुमार साहनी व अमरदीप ङ्क्षसह के साथ सीमा पर छापेमारी की, लेकिन एसएसबी जवानों की आहट को भांप सभी धंधेबाज शराब व वाहन छोड़कर वापस नेपाल भागने में कामयाब हो गए। एसएसबी जवानों ने वाहन व शराब को जब्त कर लिया। कंपनी इंचार्ज ने बताया कि जब्त शराब व वाहन को अग्रिम कार्रवाई के लिए मधुबनी उत्पाद विभाग के हवाले कर दिया गया है।

