बारा–२ में उपेन्द्र यादव स्वीकार्य नहींः डॉ. राउत

काठमांडू, २९ मार्च । जनमत पार्टी के अध्यक्ष डा. सीके राउत ने कहा है कि बारा निर्वाचन क्षेत्र नं. २ में तय उपचुनाव में जनता समाजवादी पार्टी (जसपा) के अध्यक्ष उपेन्द्र यादव उम्मीदवार के रुप में स्वीकार नहीं हो सकते हैं । उनका कहना है कि अगर उनको उम्मीदवार के रुप में स्वीकार किया जाता है तो यह जनमत का अपमान हो जाएगा । स्मरणीय है, जसपा और जनमत दोनों पार्टी वर्तमान सत्ता गठबंधन में शामील हैं ।
बुधबार काठमांडू में आयोजित एक पत्रकार सम्मेलन में बोलते हुए अध्यक्ष राउत ने कहा कि अगर गठबंधन के नाम में संबंधित क्षेत्र के अलवा बाहर से उम्मीदवार तय किया जाता है तो वह स्वीकार्य नहीं है । उन्होंने कहा कि जनमत पार्टी की ओर से बारा–२ में शिवचन्द्र कुसवा को उम्मीदवार बनाया जाएगा । कुसवा हाल ही में नेकपा माओवादी केन्द्र परित्याग कर जनमत पार्टी में प्रवेश किए थे । डा. राउत ने दावा किया है कि बारा–२ निवासी जनता कुसवा को ही भोट देकर निर्वाचित करेंगे ।
स्मरणीय है, मार्गशीर्ष ४ गते सम्पन्न आम चुनाव में बारा–२ से निर्वाचित रामसहाय यादव उपराष्ट्रपति बन गए हैं । रामसहाय को उपराष्ट्रपति बनाने का मुख्य उद्देश्य भी यही है कि उपचुनाव मार्फत उपेन्द्र यादव सांसद् बन सकें । मार्गशीर्ष ४ गते की आम चुनाव में उपेन्द्र यादव सप्तरी निर्वाचन क्षेत्र नं. २ में उम्मीदवार थे, जहां डा. राउत ने ही उनको पराजित किया था ।

