पटना सिटी के ट्रांसपोर्ट गोदाम में भीषण आगलगी
पटना
पटना सिटी के चौक थाना क्षेत्र में मंगल तालाब के पास मंगलवार अलसुबह ट्रांसपोर्ट गोदाम में भीषण आग लग गई। आग की लपट और धुएं का गुबार काफी ऊंचाई तक उठ रही है। श्री गुरु गोविंद सिंह पथ स्थित मंगल तालाब के पुरानी टंकी के सामने ट्रांसपोर्ट गोदाम में आग पर काबू पाने के लिए दमकल की तीन गाड़ी मौके पर डटी है। आपदा प्रबंधन की टीम भी मौके पर पहुंची है।
आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है। बताया जा रहा है कि आग सुबह करीब पांच बजे लगी। आग इतनी भयावह है कि आसपास के घरों को भी अपनी चपेट में ले सकती है। दमकल की टीम को आग पर काबू पाने में परेशानी हो रही है। घटनास्थ्ल के आसपास घनी आबादी है। हालांकि, अभी तक आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। फिलहाल, फायर ब्रिगेड की टीम स्थानीय लोगों की मदद से इसपर काबू पाने की कोशिश की जा रही है।

