चीन सरकार ने वेवसाइट से हटाए पूर्व विदेशमंत्री क्विन गैंग के सभी रिकॉर्ड
बीजिंग 27जुलाई
चीन के विदेश मंत्री क्विन गैंग को हाल ही में पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह पूर्व विदेश मंत्री वांग यी को फिर से विदेश मंत्री बनाया गया है। क्विन गैंग महज 207 दिन ही चीन के विदेश मंत्री पद पर रहे और चर्चाएं हैं कि क्विन गैंग से संबंधित विदेश मंत्रालय के सभी रिकॉर्ड हटा दिए गए हैं। अभी तक यह भी पता नहीं चल सका है कि क्विन गैंग कहां पर हैं।
क्विन गैंग को आखिरी बार 25 जून को सार्वजनिक रूप से देखा गया था, जब उन्होंने बीजिंग में रूस के उप विदेश मंत्री आंद्रे रुदेनको से मुलाकात की थी। क्विन को पद से हटाने का फैसला मंगलवार को लिया गया। क्विन गैंग चीन के उत्तर पूर्वी शहर तियाजिन के रहने वाले हैं और राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ लंबे समय से काम करते रहे हैं। साल 2018 से लेकर 2021 तक उन्होंने चीन के उप विदेश मंत्री की भूमिका निभाई। जुलाई 2021 में क्विन गैंग को अमेरिका का राजदूत बनाया गया और सिर्फ 17 महीने बाद गैंग को प्रमोट करके चीन का विदेश मंत्री बनाया गया।

