राजस्थान में विश्व का पहला ॐ आकार का शिव मंदिर बनकर तैयार
राजस्थान के पाली में विश्व का पहला ॐ आकार का शिव मंदिर बनकर तैयार है. करीब 250 एकड़ में फैले इस योग मंदिर में प्रमुख रूप से यज्ञवेदी जैसा दो मंजिला गुरुकुल, स्वास्तिक के आकार में हॉस्टल, और तारानुमा अस्पताल भवन है. मंदिर में 108 कमरे, 12 ज्योतिर्लिंग, भगवान शिव की 1008 प्रतिमाएं इस मंदिर में लगी हुई हैं.
लोगों को सनातन संस्कृति और योग से जोड़ने के लिए तीर्थ प्रेणता श्री अलखपूरी सिद्धपिठ परंपरा के पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर महेश्वरानंद महाराज ने इसे मूर्त रूप दिया. उन्होंने इसका सपना 40 वर्ष पूर्व देखा था. जब एक विदेशी पर्यटक ने उन्हें कहा कि भारत यात्रा के दौरान उसने ताजमहल को नहीं देखा इसलिए उसकी यात्रा अधूरी रही. तब उन्होंने ओम आकर का एक मंदिर बनाने के बारे में सोचा और 23 जनवरी 1995 को जाडन के पास इसका शिलान्यास किया.
लगातार अनवरत 28 वर्ष तक काम करने के बाद अब मंदिर ने पूरा ओम आकर ले लिया. 10 फरवरी से 19 फरवरी तक प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव आयोजित किया जा रहा है. ओम आकार का दुनिया का एकमात्र यह भव्य मंदिर है. मंदिर में पहाड़ और तालाब भी कृत्रिम बनाए गए हैं. 250 एकड़ में चार मंजिला इमारत और 108 कमरे इस प्रकार बनाए गए हैं कि ओम आकार साकार होता है. ओम आकार के भव्य मंदिर में 12 ज्योतिर्लिंग स्वरूप भगवान शिव का मंदिर है. साथ ही 1008 प्रतिमाएं भगवान शिव की इस मंदिर में लगी हुई हैं.

