नहीं रहे ‘बिनाका गीतमाला’ के अमीन सयानी
काठमांडू, फागुन ९– ‘बिनाका गीतमाला’ यानी वो आवाज जिसे सुनने के लिए ही लोग रेडियो सुनते थे । इस आवाज को सुनने के लिए लोग रात ८ बजे का इंतजार करते थे वो अमीन सयानी का ९१ वर्ष की उम्र में निधन हो गया है । ये ८०–९० का दशक था जब उनकी आवाज के सभी दीवाने थे । एक तरह से कहे तो रेडियो कार्यक्रम बिनाका गीतमाला से सभी के दिलों पर राज करने वाले अमीन सयानी देश के ऐसे पहले रेडियो स्टार रहे हैं, जिनका बड़े–बड़े फिल्म स्टार भी सम्मान करते थे । एक जमाना था जब अपने ‘बिनाका गीत माला’ कार्यक्रम के माध्यम से आवाज के इस शहंशाह ने अपने नाम और काम की धूम मचा दी थी।
’नमस्कार भाइयों और बहनों, मैं आपका दोस्त अमीन सयानी बोल रहा हूं’ अब यह परिचय फिर कभी नहीं सुना जा सकेगा । अपनी जादुई आवाज और मस्त अंदाज से बरसों दुनिया के कई देशों के श्रोताओं के दिलों पर राज करने वाले सयानी का निधन हो गया है । ९१ साल की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली । पिछले कुछ बरसों से सयानी की तबियत ठीक नहीं चल रही थी ।


