सैफ अली खान पर हमला – एक संदिग्ध को पकड़ा गया
काठमांडू, माघ ५ – १५ जनवरी की रात को बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान पर जानलेवा हमला किया गया था । एक अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर में घुसकर उनपर हमला किया था । जिससे वो घायल हो गए थे लेकिन अब सैफ की अवस्था में सुधार है । हमले के मामले में पुलिस ने शनिवार को एक संदिग्ध को छत्तीसगढ़ के दुर्ग से हिरासत में लिया है । उससे पूछताछ की जा रही है । प्रभारी संजीव सिन्हा के मुताबिक, संदिग्ध को शालीमार ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस से पकड़ा है। यह शख्स जनरल डिब्बे में बैठा था। इसकी पहचान मुंबई से भेजे गए, फोटो के आधार पर की गई है । रात ८ बजे मुंबई से टीम दुर्ग पहुंचेगी ।
पुलिस अब तक लगभग ५० लोगों से पूछताछ कर चुकी है । मामले में ३५ टीमें लगाई गई हैं, जो आरोपी का सुराग ढूंढने में लगी हुई हैं । अफसर ने बताया कि संदिग्ध का नाम आकाश है।
वहीं, शुक्रवार को करीना कपूर ने अपने बयान में बताया कि सैफ ने महिलाओं और बच्चों को बचाने की कोशिश की । वे बीच में आए तो हमलावर जहांगीर (करीना–सैफ का छोटा बेटा) तक नहीं पहुंच पाया। उसने घर से कोई भी चीज नहीं चुराई।
करीना ने यह भी बताया कि –हमलावर बेहद आक्रामक था । उसने कई बार सैफ पर हमला किया। मैं हमले के बाद घबरा गई थी इसलिए करिश्मा मुझे अपने घर ले गई थीं।
एक्ट्रेस के बयान के बाद पुलिस ने बांद्रा स्थित सतगुरु शरण बिल्डिंग, जहां सैफ रहते हैं और करिश्मा के खार स्थित आवास पर सुरक्षा बढ़ा दी है।


