यूक्रेन ने रूस के चार प्रमुख एयरबेस को तबाह किया,रूस के लिए सबसे बड़ा झटका
यूक्रेन और रूस के बीच जारी जंग अब एक नई दिशा में जा चुकी है. इस बार यूक्रेन ने रूस के अंदर गहराई तक घुसकर ऐसा जबरदस्त ड्रोन हमला किया, जिसने पूरी रूसी हवाई ताकत को हिला दिया. ‘स्पाइडरवेब’ नाम के इस विशेष ऑपरेशन में यूक्रेन ने रूस के चार प्रमुख एयरबेस- बेलाया, डायगिलेवो, ओलेन्या और इवानोवो- को निशाना बनाया. इनमें कई ऐसे एयरबेस हैं जहां रूस के परमाणु हथियार ले जाने वाले बमवर्षक विमान तैनात थे. इस तरह के हमले के तरीकों को भारत ने ऑपरेशन सिंदूर में समझ लिया था और पाकिस्तान के किसी ड्रोन को उसके टारगेट तक पहुंचने से पहले ही मार मार गिराया.
40 रूसी प्लेन एक झटके में तबाह
यूक्रेनी सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक, इस हमले में TU-95, TU-22M3 और AEW सिस्टम वाला A-50 विमान समेत करीब 40 रूसी सैन्य विमान पूरी तरह तबाह हो गए. बताया गया कि ये हमले रूस के अंदर मौजूद ट्रकों से लॉन्च किए गए ड्रोन के ज़रिए किए गए, जिन्हें स्थानीय इलाकों में लकड़ी के मोबाइल केबिनों में छिपा कर रखा गया था. एक रिपोर्ट के अनुसार, इन ड्रोनों को AI तकनीक से लैस किया गया था, जो लक्ष्य को पहचानकर खुद ही उस पर गोता मारते हुए हमला करते थे.
यूक्रेन के खुफिया विभाग एसबीयू ने इस ऑपरेशन की 18 महीनों तक गुप्त तैयारी की थी. कहा जा रहा है कि यह रूस के लिए जंग का अब तक का सबसे बड़ा रणनीतिक झटका है. एक सूत्र ने बताया कि इन बमवर्षकों का इस्तेमाल यूक्रेन पर रोज बम गिराने के लिए किया जाता था. अब जब ये विमान नष्ट हो गए हैं, रूस की हवाई हमलावर क्षमता को जबरदस्त नुकसान हुआ है.इस बार रूस में साइबेरिया के इलाके तक यूक्रेन ने हमला किया. जो उसकी सीमा से करीब 2000 किलोमीटर दूर है.यूक्रेन का दावा है कि इस हमले से रूसी वायुसेना को 2 अरब डॉलर से ज़्यादा का नुकसान हुआ है. रूसी अधिकारियों ने मरमंस्क और सेवेरोमोस्क क्षेत्र में हमलों की पुष्टि की है. यूक्रेन के ड्रोन हमले पर रूस के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान देकर कहा कि उसके एयरफील्ड पर किए गए सभी हमलों को विफल कर दिया गया है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा गया कि रूसी ठिकानों से काला धुआं उठ रहा है और स्थानीय लोग दहशत में हैं. इस ऑपरेशन ने दुनिया को दिखा दिया है कि अब युद्ध सिर्फ मैदान में नहीं, बल्कि दिमाग और तकनीक से लड़ा जा रहा है- और इस बार यूक्रेन ने बाजी मार ली.


