नेपाल में चार्टर्ड एकाउन्टेन्ट्स संस्थान (ICAN) और सामाजिक सुरक्षा कोष (SSF) के बीच सामाजिक सुरक्षा प्रणाली कार्यान्वयन हेतु समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर

काठमाडौं, हिमालिनी संवाददाता, १४ जुलाई २०२५ । नेपाल में सामाजिक सुरक्षा प्रणाली को मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नेपाल चार्टर्ड एकाउन्टेन्ट्स संस्थान (ICAN) और सामाजिक सुरक्षा कोष (SSF) के बीच सोमवार को समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।
इस समझौते का उद्देश्य पेशेवर चार्टर्ड एकाउन्टेन्ट्स के माध्यम से देश में सामाजिक सुरक्षा प्रणाली को अधिक व्यापक, पारदर्शी और प्रभावशाली बनाना है।
कार्यक्रम के दौरान ICAN के कार्यकारी निदेशक सीए. बिमल डंगोल और SSF के कार्यकारी निर्देशक सीए. कवीराज अधिकारी ने MoU पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर ICAN के अध्यक्ष सीए. प्रवीण कुमार झा की विशेष उपस्थिति रही। इनके साथ-साथ ICAN और SSF के अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण भी कार्यक्रम में मौजूद थे।
समझौता ज्ञापन के अनुसार, दोनों संस्थान मिलकर सामाजिक सुरक्षा प्रणाली के प्रचार-प्रसार, सहभागिता तथा प्रभावकारी कार्यान्वयन के लिए संयुक्त पहल करेंगे। चार्टर्ड एकाउन्टेन्ट्स को इस प्रणाली के प्रति जागरूक करने तथा उन्हें इससे जोड़ने हेतु विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने इस पहल को नेपाल में सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक बताया और आशा जताई कि यह सहयोग भविष्य में दीर्घकालिक सुधार व स्थायित्व की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।



