जनता किसी भी समय विद्रोह कर सकती है – उपेन्द्र यादव
काठमांडू, सावन २८ – जनता समाजवादी पार्टी नेपाल के अध्यक्ष उपेन्द्र यादव ने कहा कि वर्तमान सरकार के भ्रष्ट रवैये के प्रति जनता में व्यापक निराशा और आक्रोश है । जिसके कारण जनता किसी भी समय विद्रोह कर सकती है ।
जसपा नेपाल सप्तरी के नवनिर्वाचित जिला कार्य समिति के शपथ–ग्रहण तथा पदभार कार्यक्रम को संबोधन करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार के भ्रष्ट और नश्लीय चरित्र से जनता में बहुत आक्रोश है । जनता इस सरकार के विकल्प की तलाश में है । उन्होंने आरोप लगाया कि देश में भ्रष्टाचार, कुशासन एवम् विभेद चरम सीमा में पहुँच चुकी है । ‘वर्तमान सरकार एकल जातीय वर्चस्व कायम कर तानाशाह बनने का प्रयास कर रही है । जनता में सरकार प्रति व्यापक निराशा और आक्रोश है, इसलिए जनता किसी भी समय विद्रोह कर सकती है ।’
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनसंख्या के आधार में प्रतिनिधित्व और बजट विनियोजन होना चाहिए । उन्होंने इस बात की भी चर्चा की कि राष्ट्रीयसभा में केवल ६ लोग मधेश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं ।
यादव ने यह भी कहा कि ‘एक रणनीति के तहत मधेश को अलग अलग टुकड़ों में विभाजित किया गया है जबकि स्वायत्त मधेश की बात संविधान में ही लिखी है ।’
परिवर्तन के लिए संघर्ष आवश्यक है, इसलिए अध्यक्ष यादव ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को पार्टी का निर्माण करने, संगठन को मजबूत और संगठित करने तथा सामाजिक न्याय और अधिकारों के लिए काम करने का निर्देश दिया।
विकास, समानता और अधिकारों के लिए एकजुट होकर लड़ने के लिए पार्टी को संगठित करने की आवश्यकता पर बल देते हुए उन्होंने कहा, “वडा, टोलों और बस्तियों में बैठकें और रैलियां आयोजित करके जागरूकता बढ़ाना आवश्यक है ।”

